प्रदेश में अपराध बेलगाम, महिलाएं असुरक्षित: कांग्रेस का सरकार पर हमला

छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

Apr 15, 2026 - 12:38
 0  0
प्रदेश में अपराध बेलगाम, महिलाएं असुरक्षित: कांग्रेस का सरकार पर हमला

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l  छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण से बाहर हो चुका है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद दो वर्षों के भीतर राज्य में 7146 बलात्कार की घटनाएं दर्ज हुई हैं। इस हिसाब से प्रतिदिन औसतन 8 से 9 दुराचार के मामले सामने आ रहे हैं, यानी हर तीन घंटे में एक महिला दुष्कर्म का शिकार हो रही है। उन्होंने इसे बेहद चिंताजनक स्थिति बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग, बीजापुर और बालोद जैसे जिलों में नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं। बीजापुर में एक भाजपा नेता पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है, जबकि कांकेर में भी एक भाजपा नेता पर युवती से दुष्कर्म का आरोप लगा है। कांग्रेस का दावा है कि ऐसे मामलों में सरकार आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस नेता ने बालोद जिले के दल्लीराजहरा में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसका वीडियो वायरल करने की घटना का भी जिक्र किया। इसके अलावा केशकाल में एक 19 वर्षीय युवती के साथ घर में घुसकर गैंगरेप की घटना को भी गंभीर बताते हुए कहा कि अब महिलाएं अपने घर और गांव में भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने राज्य में अन्य अपराधों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए। उनके अनुसार वर्ष 2024-25 के बीच हत्या के 1114, लूट के 458, अपहरण के 3644, चोरी के 7960, डकैती के 56 और बलात्कार के 3191 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं राजधानी रायपुर में एक ही वर्ष में हत्या के 93, लूट के 80, अपहरण के 515, चोरी के 1645, डकैती के 9 और बलात्कार के 268 मामले सामने आए हैं।

सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि ये आंकड़े प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर अपराध और चाकूबाजी का केंद्र बन चुकी है और अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है।

कांग्रेस ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में विफल रहती है, तो गृह मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए या सरकार उन्हें तत्काल पद से हटा दे।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि महिलाओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन करेगी।