स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सरकार का तीसरा बजट है, जो प्रदेश की लगभग तीन करोड़ जनता के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए समर्पित है। पिछले दो वर्षों में प्राप्त विकास की गति को और तेज करने तथा “छत्तीसगढ़ अंजोर, 2047” के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के उद्देश्य से यह बजट प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्ध और खुशहाल बनाने का संकल्प है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि बजट 2026-27 प्रदेश के लिए लाभदायक और हर वर्ग के लिए बेहतर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और वित्त मंत्री की वित्तीय प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप स्वास्थ्य विभाग को व्यापक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने विशेष रूप से राज्य के शासकीय कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा देने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया।
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि बजट में शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान भारत योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही अंबिकापुर और धमतरी में जिला अस्पताल भवन निर्माण, रायपुर (कालीबाड़ी) में 200 बिस्तरों वाले मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (एमसीएच) की स्थापना तथा चिरमिरी में जिला अस्पताल के निर्माण की घोषणाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि दुर्ग, कोंडागांव, जशपुर और रायपुर में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र, दंतेवाड़ा, मनेन्द्रगढ़, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज तथा कांकेर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, सरिया और महासमुंद में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। राजनांदगांव में फिजियोथेरेपी कॉलेज और रायपुर में उन्नत कार्डियक इंस्टिट्यूट की स्थापना से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 25 डायलिसिस केंद्र, 50 जन औषधि केंद्र तथा 25 से अधिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण का प्रावधान ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को व्यापक बनाएगा। इसके साथ ही बिलासपुर में स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट तथा रायपुर में राज्य के पहले होम्योपैथी कॉलेज की स्थापना को भी उन्होंने ऐतिहासिक निर्णय बताया।
उन्होंने यह भी बताया कि सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में अधोसंरचना विस्तार के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा, “यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता के बेहतर स्वास्थ्य, समग्र विकास और सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।” उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि बजट 2026-27 के प्रावधान छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।