बोड़ला में धंसी पीएम जनमन योजना की सड़क, जांच के बाद दो इंजीनियर निलंबित, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में पीएम जनमन योजना के तहत बनी सड़क धंसने के मामले में राज्य स्तरीय जांच के बाद दो इंजीनियरों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। जांच में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियां सड़क क्षतिग्रस्त होने का प्रमुख कारण पाई गईं। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और कार्यपालन अभियंता के निलंबन का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में दलदली मेन रोड के खारिया से अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्मित सड़क धंसने के मामले में राज्य स्तरीय जांच के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और तकनीकी जांच के बाद निर्माण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।