भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला बैठक संपन्न, संगठनात्मक मजबूती और जनविश्वास अभियान पर मंथन

छिंदवाड़ा में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनजातीय समाज के बीच संवाद बढ़ाने, समरसता और जनविश्वास अभियान को प्रभावी बनाने सहित आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। संभाग प्रभारी संजय कुमार कुसराम ने सप्ताह में दो दिन गोंडी भाषा प्रशिक्षण आयोजित करने पर जोर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जनजातीय समाज की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।

Aug 24, 2026 - 08:40
 0  2
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला बैठक संपन्न, संगठनात्मक मजबूती और जनविश्वास अभियान पर मंथन

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला बैठक जिला भाजपा कार्यालय, छिंदवाड़ा में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ जनविश्वास और समरसता अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों और संगठन की गतिविधियों को लेकर कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा संभाग प्रभारी संजय कुमार कुसराम, जिला प्रभारी मोरेश्वर मर्सकोले, मोर्चा प्रदेश सदस्य एवं महापौर विक्रम अहाके, मोर्चा प्रदेश सदस्य गुरुप्रसाद धुर्वे और मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरपाल इवनाती प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुसूचित जनजाति मोर्चा संभाग प्रभारी संजय कुमार कुसराम ने कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के बीच संवाद और संपर्क को प्रभावी बनाने की जरूरत है। इसके लिए सप्ताह में दो दिन गोंडी भाषा के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया गया, ताकि कार्यकर्ता जनजातीय समाज के लोगों के साथ उनकी भाषा में बेहतर संवाद स्थापित कर सकें।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि जनजातीय समाज के हित और कल्याण के लिए जिला भाजपा संगठन पूरी ताकत के साथ समाज के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को संगठन गंभीरता से लेगा और जिला संगठन के स्तर से उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

शेषराव यादव ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुरुप्रसाद धुर्वे ने कहा कि जनजातीय समाज से जुड़े विषयों पर समरसता की भावना के साथ सभी को मिलकर आगे आना चाहिए। समाज के विकास और हित के लिए सामूहिक प्रयासों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, जनविश्वास अभियान तथा जनजातीय समाज के बीच निरंतर संपर्क और संवाद को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कांता ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष सोनिया कुमरे, मोर्चा मंडल अध्यक्ष संजय धुर्वे, कमलेश कवरेती, दीपक धुर्वे, अमरसिंह मरावी, संतोष भलावी, प्रवीण उइके, राहुल बंटी उइके, गोपाल कवरेती, रमेश कुमार उइके, अनिल उइके, अंकित ठाकुर, रविन्द्र ठाकुर, राहुल सराठी, कृष्णा युवनाती, सुरेश उइके सहित बड़ी संख्या में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।