विधायक भावना बोहरा ने किया 2.38 करोड़ की लागत वाले विद्युत उप केंद्र का लोकार्पण, 1300 से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उड़ियाखुर्द (कारेसरा) में विधायक भावना बोहरा ने 2 करोड़ 38 लाख 13 हजार रुपये की लागत से निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उप केंद्र का लोकार्पण किया। इस परियोजना से 1300 से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l पंडरिया क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम उड़ियाखुर्द (कारेसरा) में 2 करोड़ 38 लाख 13 हजार रुपये की लागत से निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उप केंद्र का लोकार्पण किया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसके पूरा होने पर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
नवीन विद्युत उप केंद्र के शुरू होने से कारेसरा, उड़ियाखुर्द, उड़ियाकला, दनिया, बनिया, बिरनपुर, बुधवारा, खपरी, सलिहा और बचेड़ी सहित आसपास के अनेक गांवों के 1300 से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। किसानों को सिंचाई कार्यों के लिए बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को भी निर्बाध विद्युत सेवा का लाभ प्राप्त होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
भावना बोहरा ने बताया कि उनके प्रयासों से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में अब तक पांच विद्युत उप केंद्रों की स्थापना को स्वीकृति मिली है। इनमें बिरनपुर (गांगपुर) और उड़ियाखुर्द (कारेसरा) के उप केंद्रों का लोकार्पण हो चुका है, जबकि पौनी, कोयलारीडीह और भुवालपुर में नए विद्युत उप केंद्रों का निर्माण कार्य जारी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि नए उप केंद्र के शुरू होने से अन्य विद्युत केंद्रों पर भार कम होगा, जिससे बार-बार ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन और वोल्टेज संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। इसका लाभ सीधे तौर पर किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को मिलेगा। बेहतर बिजली व्यवस्था से कृषि उत्पादन, सिंचाई और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। ट्रांसफार्मर खराब होने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और पेयजल संकट जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
भावना बोहरा ने यह भी बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास और अधोसंरचना परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ नगर पालिका पंडरिया को आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। क्षेत्रवासियों ने विद्युत उप केंद्र की सौगात के लिए विधायक भावना बोहरा का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।