बेमेतरा में शराब की बोतलों पर मुख्यमंत्री की फोटो लगाने की मांग, आवेदन हुआ वायरल
बेमेतरा जिले के नवागढ़ क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में शराब की बोतलों पर मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीर लगाने की मांग का आवेदन सामने आया है। आवेदन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक व सामाजिक चर्चा शुरू हो गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान शराब को लेकर एक अनोखी मांग सामने आई है, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है। इस आवेदन ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना दिया है।
जानकारी के अनुसार बेमेतरा जिले के विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम कुंरा निवासी सतीश मारकंडे ने आबकारी विभाग को एक आवेदन सौंपा है। आवेदन में मांग की गई है कि जिस प्रकार शासन की विभिन्न योजनाओं में मुख्यमंत्री और मंत्रियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी प्रकार शासकीय शराब दुकानों में बिकने वाली शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और विभागीय आबकारी मंत्री की तस्वीर लगाई जाए।
आवेदन सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आवेदन की फोटो तेजी से शेयर की जा रही है। कई लोग इसे सरकार की शराब नीति पर व्यंग्य के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे जनभावनाओं से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी ने भी अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल पर इस आवेदन की तस्वीर साझा की है। इसके बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरीके से अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि यदि शराब बिक्री से सरकार को राजस्व प्राप्त हो रहा है और यह शासकीय दुकानों के माध्यम से बेची जा रही है, तो पारदर्शिता के लिए इस तरह की मांग गलत नहीं है। वहीं कुछ लोग इसे राजनीतिक कटाक्ष मान रहे हैं।
सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान आमतौर पर लोग सड़क, बिजली, पानी, राशन और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन देते हैं, लेकिन इस तरह का आवेदन पहली बार सामने आने से अधिकारी भी हैरान नजर आए। हालांकि प्रशासन की ओर से इस आवेदन पर किसी प्रकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।
प्रदेश में शराब बिक्री और सरकारी नियंत्रण को लेकर पहले भी कई बार राजनीतिक बहस होती रही है। ऐसे में यह नया मामला एक बार फिर शराब नीति को लेकर चर्चा में आ गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया के दौर में इस प्रकार के आवेदन और मुद्दे तेजी से वायरल होकर जनचर्चा का हिस्सा बन जाते हैं।
फिलहाल यह आवेदन बेमेतरा जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज हो सकती हैं।