बेमेतरा में 23 पंचायत सचिवों पर कार्रवाई, लापरवाही पर सख्त कदम

बेमेतरा जिला पंचायत ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य कार्यों में लापरवाही बरतने पर 23 ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

Mar 22, 2026 - 13:53
 0  4
बेमेतरा में 23 पंचायत सचिवों पर कार्रवाई, लापरवाही पर सख्त कदम

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा। बेमेतरा में जिला पंचायत प्रशासन ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले 23 ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण तथा अन्य निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति और बैठक से अनुपस्थिति के चलते की गई।

जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र और जियो टैगिंग कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई थी। इस दौरान कई पंचायतों में कार्यों की प्रगति बेहद धीमी पाई गई, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।

बैठक में 23 ग्राम पंचायत सचिव अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में अधिकांश सचिवों का स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया, जबकि कुछ ने समय पर जवाब भी प्रस्तुत नहीं किया।

इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिला पंचायत ने 8 सचिवों का एक दिन का वेतन काटते हुए अकार्य दिवस घोषित किया है। वहीं 15 सचिवों का एक दिन का वेतन काटने के साथ उनका वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया गया है।

जिला पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।