बसना के मंगल भवन में सुशासन तिहार समाधान शिविर, सांसद रूपकुमारी चौधरी और सुमित अग्रवाल ने सुनीं जनसमस्याएं
बसना के मंगल भवन में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही पहुंचे। सांसद रूपकुमारी चौधरी और भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक एवं विधायक प्रतिनिधि सुमित अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयसीमा में निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में गोदभराई, अन्नप्राशन और सुपोषण किट वितरण जैसे सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. बसना के स्थानीय मंगल भवन में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और हितग्राहियों की मौजूदगी देखने को मिली। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक एवं बसना विधायक प्रतिनिधि सुमित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित जनसंवाद में नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के दरवाजे तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। समाधान शिविर जनता और प्रशासन के बीच भरोसे को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के लोगों के हित में काम कर रही है और समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन को संवेदनशील तरीके से कार्य करना चाहिए।
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक एवं विधायक प्रतिनिधि सुमित अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और आदिवासी समुदाय के विकास के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की भावना के साथ सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, धान बोनस और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में लिए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बसना क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
शिविर के दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी और सुमित अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली गई। जनप्रतिनिधियों ने मौके पर मौजूद हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों और आवेदनों का समयसीमा के भीतर निराकरण किया जाए। लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और ऑन-द-स्पॉट समाधान को प्राथमिकता दी जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
शिविर में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें सुपोषण किट वितरित की गई। वहीं नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया, जहां अतिथियों ने बच्चों को खीर खिलाकर उनके स्वस्थ भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, डॉ. एन.के. अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, विधायक प्रतिनिधि निर्मल दास, एसडीएम हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।