बालोद में सूने मकान में चोरी का खुलासा, देवरी पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बालोद जिले के ग्राम परसुली में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का देवरी पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित कुल 6 लाख से अधिक का सामान बरामद किया है। आरोपियों ने घर की कुंडी तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था।

May 11, 2026 - 14:50
 0  2
बालोद में सूने मकान में चोरी का खुलासा, देवरी पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देवरी पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और नगदी बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 6 लाख 2 हजार 709 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम परसुली निवासी कमलेश कुमार केशरिया ने थाना देवरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल 2026 को वह अपने परिवार के साथ एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। रात करीब 12:30 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर जाकर देखने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी गायब थे। अज्ञात चोरों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक रिपोर्ट में लगभग 2 लाख 1 हजार रुपये की चोरी की जानकारी दी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और एसडीओपी बोनीफांस एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनीष शेण्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना वाले दिन गांव के ही भीखम लाल सिन्हा, रामेश्वर उर्फ झम्मन सोनकर और जितेश उर्फ जीतू सोनकर संदिग्ध परिस्थिति में पीड़ित के घर के आसपास घूमते देखे गए थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खरखरा नंदी श्मशान घाट के पास गड्ढे में छिपाकर रखे गए जेवरात और नगदी बरामद कर लिए।

बरामद सामान में करीब 1 किलो 650 ग्राम चांदी के जेवरात, 27.600 ग्राम सोने के आभूषण और 34 हजार 209 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जब्त सामान में सोने का रानी हार, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, करधन, बिछिया सहित अन्य कीमती जेवर शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना देवरी की टीम और साइबर सेल बालोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सफल कार्रवाई की सराहना की है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम जरूर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।