बागबहार क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

बागबहार थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ हुए गंभीर अपराध के मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Feb 28, 2026 - 19:15
 0  4
बागबहार क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

UNITED NEWS OF ASIA .योगेश यादव, जशपुर | बागबहार थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ हुए गंभीर अपराध के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी को भी चिन्हित कर लिया गया है, जो वर्तमान में फरार है तथा उसकी तलाश लगातार जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 की रात्रि एक ग्राम की 17 वर्षीय नाबालिग बालिका नाटक कार्यक्रम देखकर घर लौट रही थी। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों द्वारा खोजबीन की गई। अगले दिन बालिका अचेत अवस्था में सड़क किनारे मिली, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान बालिका द्वारा दी गई जानकारी तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर गंभीरता से जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक रूप से थाना पत्थलगांव में शून्य में अपराध पंजीबद्ध कर बाद में प्रकरण को बागबहार थाना स्थानांतरित किया गया, जहां बीएनएस की धारा 138, 70(2) एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 व 6 के अंतर्गत अपराध कायम किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में तकनीकी शाखा तथा स्थानीय थाना स्टाफ को शामिल किया गया था।

जांच के दौरान पीड़िता द्वारा बताए गए संकेतों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान की और आसपास के क्षेत्रों में सघन पूछताछ अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने पत्थलगांव क्षेत्र से संदिग्ध सत्यप्रकाश यादव (उम्र 28 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर प्रकरण में शामिल दूसरे आरोपी पीताम्बर लहरे (उम्र 30 वर्ष) को सीतापुर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उसके विरुद्ध भी पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एक अन्य मुख्य आरोपी अभी फरार है। उसकी पहचान कर ली गई है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव, थाना प्रभारी बागबहार सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर जांच को दिशा दी जा रही थी।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।