उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 11 दिव्यांगजनों को प्रदान की तिपहिया स्कूटी, सर्प मित्रों को सुरक्षा किट का किया वितरण

उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने लोरमी के मानस मंच में 11 दिव्यांगजनों को तिपहिया स्कूटी प्रदान की। उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से दिव्यांगजनों का आवागमन आसान होगा और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इस अवसर पर सर्प मित्रों को सुरक्षित रेस्क्यू कार्य के लिए सुरक्षा किट भी वितरित की गई।

Aug 14, 2026 - 13:36
 0  2
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 11 दिव्यांगजनों को प्रदान की तिपहिया स्कूटी, सर्प मित्रों को सुरक्षा किट का किया वितरण

UNITED NEWS OF ASIA. लोरमी। उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने आज लोरमी के मानस मंच में आयोजित कार्यक्रम में 11 दिव्यांगजनों को तिपहिया स्कूटी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिपहिया स्कूटी मिलने से दिव्यांगजनों के आवागमन में सुविधा होगी और वे अपने दैनिक एवं जरूरी कार्य अधिक आसानी से कर सकेंगे। यह सुविधा उनके आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और उन्हें अपने कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराना साय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोरमी क्षेत्र के 11 दिव्यांग भाई-बहनों को आज तिपहिया स्कूटी प्रदान की गई है। इससे उन्हें आवागमन में सहूलियत मिलेगी और वे शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए आसानी से आवागमन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को सुविधा उपलब्ध कराने और उसे आत्मनिर्भर बनते देखना खुशी की बात है। तिपहिया स्कूटी दिव्यांगजनों के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और स्वतंत्रता को बढ़ाने का माध्यम भी है। इससे वे अपने परिवार और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आगे बढ़ सकेंगे। उप मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थी दिव्यांगजनों को तिपहिया स्कूटी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सर्प मित्र सुरेश यादव और प्रदीप निषाद को सर्प रेस्क्यू कार्य के लिए सुरक्षा किट भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सर्प मित्र लोगों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सेवा कार्य करते हैं। सुरक्षा किट मिलने से वे सर्प रेस्क्यू के दौरान आवश्यक सावधानियों के साथ सुरक्षित तरीके से अपना सेवा कार्य आगे बढ़ा सकेंगे। उन्होंने सर्प मित्रों के सेवा भाव की सराहना करते हुए सुरक्षित तरीके से कार्य करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत सदस्य रत्ना काटले, कोमलगिरी गोस्वामी, राजेंद्र साहू, डॉ. अशोक जायसवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अंजना दास, भाजपा जिला महामंत्री गुरमीत सलूजा, धनीराम यादव, महाजन जायसवाल, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव, दिनेश कश्यप, लेखराज सिंह, संदीप सोनी, घनशु राजपूत सहित पार्षदगण, एल्डरमैन, पदाधिकारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।