शाला प्रवेश उत्सव में पहुंचे विधायक अनुज शर्मा, नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, खौना को 15 लाख के विकास कार्यों की सौगात

धरसींवा विधानसभा के ग्राम खौना स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में विधायक अनुज शर्मा ने नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया, मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और विद्यालय परिसर में शेड निर्माण के लिए 10 लाख तथा मुक्तिधाम विकास के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।

Aug 1, 2026 - 11:56
 0  3
शाला प्रवेश उत्सव में पहुंचे विधायक अनुज शर्मा, नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, खौना को 15 लाख के विकास कार्यों की सौगात

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खौना स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर शाला परिवार, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का विशेष स्वागत किया गया। विधायक अनुज शर्मा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराते हुए पुस्तकें भेंट कीं। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।

कार्यक्रम में पिछले शैक्षणिक सत्र में बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी आगे की पढ़ाई, करियर की योजनाओं और जीवन के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के बल पर सफलता हासिल करने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में अनुज शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सपनों को साकार करने की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीदों, नए संकल्पों और नई उपलब्धियों की शुरुआत है। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और कला के क्षेत्र में भी सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को पौधों की देखभाल करने की शपथ दिलाते हुए कहा कि जैसे एक पौधे को पेड़ बनने के लिए निरंतर देखभाल की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार बच्चों को भी ज्ञान, अनुशासन और संस्कारों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए।

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर अनुज शर्मा ने ग्राम खौना के विकास के लिए 15 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुविधा के लिए शेड निर्माण हेतु 10 लाख रुपये तथा गांव के मुक्तिधाम के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इस घोषणा का ग्रामीणों, विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, बंगोली मंडल अध्यक्ष चन्द्रकांत साहू, महामंत्री मारुतिनंदन वर्मा, उपाध्यक्ष जगमोहन साहू, कोषाध्यक्ष गिरधारी साहू, विधानसभा मंडल महामंत्री राजेंद्र विश्वकर्मा, जनपद सदस्य कुंजलाल वर्मा, सरपंच प्रियंका वर्मा, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर यादव, हेमंत सिंह ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और गांव के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।