पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गोन्दवानी के कालाखेत फलिया में एक व्यक्ति अपने घर के पास भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण कर उसे कहीं और ले जाने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आरोपी हुकला उर्फ मुकेश (पिता तेलिया वास्केल), निवासी ग्राम गोन्दवानी को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 63 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। जब्त की गई शराब में विभिन्न ब्रांड शामिल हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में व्हिस्की और बीयर पाई गई।
जब्ती के दौरान कुल 594.12 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार 500 रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास शराब के भंडारण या परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं पाए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बखतगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत धारा 34(2) एवं 36 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध शराब के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिसोदिया, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल चौहान, सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण परमार, अमर सिंह जूनवाल सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने पुलिस की इस सख्ती की सराहना की है।