वेदांता पावर की आरोग्य परियोजना से 4,600 नागरिक लाभान्वित, 152 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन

सक्ती जिले के सिंघीतराई, ओड़ेकेरा और निमोही ग्राम पंचायतों में वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट की आरोग्य परियोजना के तहत चलित स्वास्थ्य इकाई संचालित की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत अब तक 152 स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर लगाए गए हैं, जिनसे करीब 4,600 नागरिकों को लाभ मिला है। शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, सामान्य बीमारियों की जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Aug 26, 2026 - 19:59
Aug 26, 2026 - 20:17
 0  3
वेदांता पावर की आरोग्य परियोजना से 4,600 नागरिक लाभान्वित, 152 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA. सक्ती l वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट (VPSTP) की आरोग्य परियोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का अभियान जारी है। सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित चलित स्वास्थ्य इकाई के माध्यम से सिंघीतराई, ओड़ेकेरा और निमोही ग्राम पंचायतों के नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

परियोजना के तहत अब तक 152 स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 4,600 नागरिक लाभान्वित हुए हैं। आरोग्य परियोजना का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

चलित स्वास्थ्य इकाई का संचालन स्वयंसेवी संगठन पीएचडी रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन, नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। स्वास्थ्य इकाई में एमबीबीएस डॉक्टर के साथ प्रशिक्षित चिकित्साकर्मी सेवाएं दे रहे हैं। पूर्व निर्धारित स्थानों पर नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं दी जाती हैं।

शिविरों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, खून की कमी सहित सामान्य बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध है। सामान्य बीमारियों से संबंधित दवाइयां भी जरूरतमंदों को निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिला एवं शिशु स्वास्थ्य, स्तनपान, पोषण, स्वच्छता और जलजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाती है।

ग्राम कठर्रापाली की शैल डनसेना ने चलित स्वास्थ्य शिविर को जरूरतमंद ग्रामीणों के लिए उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से चिकित्सक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराते हैं।

ग्राम पंचायत निमोही के हलधर डनसेना और अविनाश कुमार ने बताया कि गांव में ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सामान्य उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होती है।

शिविरों से लाभान्वित ग्रामीणों के अनुसार, चलित स्वास्थ्य इकाई केवल उपचार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ग्रामीणों को बीमारी से बचाव, स्वच्छता और पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारी मिल रही है।

वेदांता पावर की आरोग्य परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। 152 शिविरों के जरिए करीब 4,600 नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचना इस पहल के प्रभाव को दर्शाता है।