धमतरी में घर में घुसकर महिला के परिवार पर हमला, तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला और उसके परिवार से मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Jun 26, 2026 - 16:38
 0  5
धमतरी में घर में घुसकर महिला के परिवार पर हमला, तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन. धमतरी l जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला एवं उसके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अपराधों पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अर्जुनी थाना पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सेहराडाबरी निवासी प्रीति साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि 23 जून 2026 की रात करीब 9 बजे उमेश साहू वाहन मांगने उनके घर आया था। वाहन देने से मना करने पर वह नाराज होकर चला गया। इसके बाद उसी रात करीब 12 बजे उमेश साहू उर्फ छोटू, देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस एक राय होकर जबरन घर में घुस आए।

आरोपियों ने घर में प्रवेश करते ही महिला और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी तथा विरोध करने पर प्रीति साहू, उनके पति मनोज साहू और पुत्री नीलिमा साहू के साथ मारपीट की। आरोप है कि उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से हमला कर मनोज साहू और उनकी पुत्री को घायल कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के दौरान आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सियां और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में भय और दहशत का माहौल बन गया।

प्रार्थिया की शिकायत पर अर्जुनी थाना में अपराध क्रमांक 77/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य एकत्र किए और आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि होने पर देवेंद्र साहू, उमेश साहू उर्फ छोटू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट, धमकी या कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर और त्वरित वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।