सिलफिली में स्कूल के गेट पर ताला लगाकर छात्रों ने किया प्रदर्शन, प्राचार्य पर अभद्रता के आरोप
सूरजपुर जिले के सिलफिली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य पर महिला कर्मी और छात्राओं के साथ अभद्र एवं आपत्तिजनक व्यवहार के आरोपों को लेकर छात्रों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना पर तहसीलदार, शिक्षा विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद करीब ढाई घंटे चला प्रदर्शन समाप्त हुआ। फिलहाल शिक्षिका निर्मला ज्योति को प्राचार्य का प्रभार सौंपा गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. आकाश सोनकर, सिलफिली (सुरजपुर) l सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलफिली में प्राचार्य पर महिला कर्मी और छात्राओं के साथ कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक व्यवहार के आरोपों को लेकर मंगलवार को छात्रों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें विद्यालय से हटाने की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों से चर्चा की।
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शिकायत अधिकारियों के सामने रखी। लटोरी तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल, सूरजपुर बीईओ हरेंद्र सिंह और जयनगर पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों और विद्यालय के शिक्षकों से चर्चा कर मामले की जानकारी ली। अधिकारियों की ओर से प्राचार्य को तत्काल संस्था से पृथक रखने और विभागीय स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने का लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद करीब ढाई घंटे चला विद्यार्थियों का प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद विद्यालय की शिक्षिका निर्मला ज्योति को प्राचार्य का प्रभार सौंपा गया। तहसीलदार और बीईओ ने प्राचार्य सहित विद्यालय के शिक्षकों के बयान भी दर्ज किए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शिकायतों की जांच करते हुए मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विद्यार्थियों को बताया गया कि प्राचार्य के खिलाफ निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्राचार्य आईडी खलखो पर विद्यालय की महिला कर्मी के साथ अनुचित व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं। आरोपों के अनुसार महिला कर्मी के घर में उसके अकेले रहने के दौरान प्रवेश करने का प्रयास किया गया। इसके अलावा महिला कर्मी से कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग करने और पैसे नहीं देने पर परेशान करने की धमकी देने के आरोप भी सामने आए हैं। महिला कर्मी ने इन आरोपों को लेकर शिकायत की है।
प्राचार्य पर विद्यालय में शराब के नशे में पहुंचने, कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा छात्र-छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने जैसे अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की विस्तृत विभागीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
फिलहाल प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मामले में विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।