बालाघाट की रूबी अली थाईलैंड में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, सीनियर इंटरनेशनल 3ए साइड व्हालीवॉल चैंपियनशिप में लेंगी हिस्सा
बालाघाट की खिलाड़ी रूबी अली थाईलैंड के पटाया में होने वाली सीनियर इंटरनेशनल 3ए साइड व्हालीवॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। 10 से 14 अगस्त तक होने वाली प्रतियोगिता से पहले वह मुंबई प्रशिक्षण कैंप के लिए रवाना हो गई हैं। रूबी अब तक विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 14 से 15 अवार्ड हासिल कर चुकी हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. सायमा नाज, बालाघाट l खेल जगत में बालाघाट का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी रूबी अली अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। रूबी का चयन थाईलैंड के पटाया में 10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाली सीनियर इंटरनेशनल 3ए साइड व्हालीवॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से पहले रूबी बालाघाट से मुंबई में आयोजित प्रशिक्षण कैंप के लिए रवाना हो गई हैं।
प्रशिक्षण कैंप के लिए रवाना होने से पहले रूबी अली ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि 3ए साइड व्हालीवॉल में एक टीम में केवल तीन खिलाड़ी होते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गौरव का अवसर है और पूरी टीम का प्रयास रहेगा कि विदेशी धरती पर भारत का परचम लहराया जाए।
रूबी अली पिछले कई वर्षों से व्हालीवॉल से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि वह करीब 16 वर्षों से लगातार व्हालीवॉल खेल रही हैं। ओपन, स्कूल, यूनिवर्सिटी और एसोसिएशन स्तर पर आयोजित व्हालीवॉल, रॉकबॉल, शूटिंग वॉल और 3ए साइड व्हालीवॉल प्रतियोगिताओं में वह अब तक करीब 14 से 15 राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं।
पिछले दो वर्षों से रूबी ने विशेष रूप से 3ए साइड व्हालीवॉल पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। इसके बाद उन्होंने लगातार इस खेल में हिस्सा लिया और अपनी तकनीक तथा खेल क्षमता को बेहतर किया। हाल ही में पुडुचेरी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन सीनियर इंटरनेशनल चैंपियनशिप के लिए किया गया।
रूबी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। भारत के लिए खेलने का सपना पूरा होने पर वह उत्साहित हैं। उनके इस चयन से परिवार में भी खुशी का माहौल है और माता-पिता अपनी बेटी की उपलब्धि पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
रूबी के सामने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौती भी है। उन्होंने बताया कि अब तक जिस तरह मिट्टी के मैदान में इस खेल का अभ्यास और मुकाबले होते रहे हैं, उसके अनुरूप उनका शरीर और खेल शैली तैयार हो चुकी है। वहीं इंडोर कोर्ट पर परिस्थितियां अलग होती हैं, जिसके कारण अधिक मेहनत और शारीरिक क्षमता की जरूरत होगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई कैंप के दौरान अपनी फिटनेस, स्ट्रेंथ और खेल तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। टीम का लक्ष्य थाईलैंड में बेहतर प्रदर्शन करना और देश के लिए गौरव हासिल करना है।
बालाघाट की रूबी अली का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है। उनकी वर्षों की मेहनत और लगातार खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। अब सभी की निगाहें थाईलैंड में होने वाली सीनियर इंटरनेशनल 3ए साइड व्हालीवॉल चैंपियनशिप में रूबी के प्रदर्शन पर रहेंगी।