शाला प्रवेशोत्सव में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, मेरिट छात्रा को ₹11 हजार से किया सम्मानित
रायपुर के फाफाडीह स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा सिफ़त परवीन को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर उत्तर विधानसभा के फाफाडीह स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पुस्तकें भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा को विकसित भारत की मजबूत नींव बताते हुए विद्यार्थियों को लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की बड़ी उपस्थिति रही। विधायक ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है। यहीं से भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता तैयार होते हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों में किताब और मन में अच्छे संस्कार होंगे, तभी देश आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, समय का सम्मान करने, पूरी निष्ठा से पढ़ाई करने और अपने माता-पिता तथा शिक्षकों का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा सिफ़त परवीन का सम्मान रहा। विधायक ने सिफ़त परवीन को ग्यारह हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सिफ़त ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल एक छात्र का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का माध्यम है।
विधायक ने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता का सपना अपने बच्चों को सफल और आत्मनिर्भर बनाना होता है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा इस सपने को साकार करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
विद्यालय परिवार ने भी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने, अनुशासन का पालन करने और आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, अकबर अली, संदीप जंघेल, संजय जोशी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम शिक्षा, प्रेरणा और सम्मान के संदेश के साथ संपन्न हुआ।