अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, रायपुर को मिला आधुनिक सब-स्टेशन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित सरोना रेलवे स्टेशन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांसद ने इसे रायपुर और छत्तीसगढ़ के रेलवे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित सरोना रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ के सरोना, बालोद और चांपा रेलवे स्टेशन भी शामिल रहे। सरोना स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इसे छत्तीसगढ़ के रेलवे विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सरोना रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण विकसित भारत की सोच का प्रतीक है और इससे प्रदेश के यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार रेलवे अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ रहे यात्री दबाव को कम करने के लिए सरोना स्टेशन अब एक महत्वपूर्ण सब-स्टेशन के रूप में कार्य करेगा। इससे यात्रियों को वैकल्पिक सुविधा मिलेगी, ट्रेनों का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और रायपुर सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन के पुनर्विकास से क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत ने स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल रेल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत से रेलवे क्षेत्र में हरित तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में प्रदूषण कम करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने इसे भारत की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
लोकार्पण समारोह के दौरान 'मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा' विषय पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। ड्राइंग, निबंध, नृत्य और 'सेल्फी विद स्टेशन' प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर बच्चों ने रेलवे के आधुनिकीकरण और विकसित भारत की अवधारणा से जुड़े अपने रचनात्मक विचार भी प्रस्तुत किए।
समारोह में रायपुर की महापौर मीनू चौबे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सरोना रेलवे स्टेशन के आधुनिक स्वरूप और यात्री सुविधाओं की सराहना की गई। अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिल सके।