बेमेतरा में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 109 गिरफ्तार; 91 हजार 510 रुपये नकद जब्त
बेमेतरा जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की। 6 नवंबर को 10 थाना क्षेत्रों और 2 पुलिस चौकियों की टीमों ने अलग-अलग गांवों में दबिश देकर जुआ खेल रहे 109 लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान 20 प्रकरण दर्ज किए गए और 91 हजार 510 रुपये नकद के साथ 52 पत्ती ताश जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों और जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 6 नवंबर को बेमेतरा जिले के 10 थाना क्षेत्रों और 2 पुलिस चौकियों की टीमों ने एक साथ अलग-अलग गांवों में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान जुआ खेल रहे 109 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से कुल 91 हजार 510 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
10 थाना और 2 चौकी क्षेत्रों में एक साथ दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इसमें बेमेतरा, नवागढ़, नांदघाट, खम्हरिया, बेरला, चंदनू, दाढ़ी, साजा और परपोड़ी थाना क्षेत्रों के साथ कंडरका एवं देवरबीजा पुलिस चौकी की टीमें शामिल रहीं।
पुलिस टीमों ने पेंड्रावन, बोरसी, कोहड़िया, बारगांव, देवादा, मोतेसरा, खम्हरिया, केशतरा, छिरहा, टेमरी, सोमईकला, खाती, कठौतिया, खेड़ा, भोपसरा, झाल और हाथाडांडू सहित कई गांवों और स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग जगहों पर जुआ खेलते लोग पकड़े गए। वहीं, पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भागने में भी सफल रहे।
20 प्रकरण दर्ज, 91 हजार 510 रुपये जब्त
पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 20 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जुआ खेलते पकड़े गए 109 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 91 हजार 510 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। जिले में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ हुई इस कार्रवाई को अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने अभियान को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में साइबर सेल, संबंधित थाना-चौकी प्रभारियों और पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।