महासमुन्द के सांकरा में बड़ा सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर के बाद जोंक नदी में गिरे 7 लोग, एक की मौत और एक लापता

महासमुन्द जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में जोंक नदी के पुराने पुल पर कार और बाइक की टक्कर के बाद बड़ा हादसा हो गया। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार सात लोग नदी में जा गिरे। हादसे में कार चालक राजकुमार निषाद की डूबने से मौत हो गई, जबकि बाइक चालक भगीरथी साहू अब तक लापता है। पांच लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे के बाद पुराने पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और रेलिंग नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Aug 30, 2026 - 19:43
Aug 30, 2026 - 19:58
 0  39
महासमुन्द के सांकरा में बड़ा सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर के बाद जोंक नदी में गिरे 7 लोग, एक की मौत और एक लापता

UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुन्द l महासमुन्द जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में रविवार को जोंक नदी के पुराने पुल पर हुए सड़क हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। सांकरा बस्ती से बल्दीडीह की ओर जा रही वैगन-आर कार और विपरीत दिशा से आ रही बाइक के बीच पुल पर जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग वाहन समेत पुल से नीचे जोंक नदी में जा गिरे।

हादसे की जानकारी सामने आने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने अपनी ओर से राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते नजर आए, वहीं कुछ लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर लोगों को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद बचाव अभियान को आगे बढ़ाया गया।

हादसे में कार में सवार मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत, तीनों निवासी दूधिपाली थाना बसना, को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। वहीं बाइक सवार विजय साहू और विशाली साहू, निवासी ग्राम गबौद चौकी बार क्षेत्र, बलौदाबाजार को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हादसे में कार चालक राजकुमार निषाद पिता तेजराम निषाद उम्र 42 वर्ष निवासी दूधिपाली की नदी में डूबने से मौत हो गई। वहीं बाइक चालक भगीरथी साहू पिता मयाराम साहू उम्र 55 वर्ष निवासी बारनवापारा हादसे के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

स्थानीय स्तर पर इस हादसे के बाद पुराने पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वर्षों पुराने इस पुल पर सुरक्षा के लिए रेलिंग की व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है। ऐसे में पुल से नीचे नदी में वाहन और लोगों के गिरने की स्थिति में बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों और पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की सूचना पुलिस को कुछ देर बाद मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा नदी में लापता बाइक चालक की तलाश की जा रही है। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।

हादसे के बाद प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश और नदी क्षेत्रों में सड़क की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें। वाहन को नियंत्रित गति से चलाएं और पुल, नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतें। प्रशासन ने लोगों से किसी भी जोखिम वाले स्थान पर जाने से बचने और आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।