तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड का एयरपोर्ट रोड तक 500 मीटर विस्तार, NH-130B अब सारंगढ़ तक फोरलेन होगा

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की सड़क और यातायात व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें रखीं। सांसद के आग्रह पर तेलीबांधा-जोरा प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को VIP चौक से एयरपोर्ट रोड की दिशा में करीब 500 मीटर तक बढ़ाने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही रायपुर-बलौदाबाजार NH-130B को सारंगढ़ तक फोरलेन परियोजना में शामिल करने की मंजूरी मिली। बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र के लिए नई राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी के प्रस्ताव पर भी केंद्रीय मंत्री ने परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Aug 26, 2026 - 10:52
 0  2
तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड का एयरपोर्ट रोड तक 500 मीटर विस्तार, NH-130B अब सारंगढ़ तक फोरलेन होगा

UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश से जुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और यातायात सुधार की विभिन्न मांगों पर चर्चा की। लगभग एक घंटे चली बैठक में सांसद ने तीन प्रमुख प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।

बैठक में तेलीबांधा-जोरा प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के विस्तार का विषय प्रमुखता से उठाया गया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मांग रखी कि VIP चौक पर बनने वाले टी-जंक्शन पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए एलिवेटेड रोड को एयरपोर्ट रोड की दिशा में करीब 300 से 500 मीटर तक अतिरिक्त फ्लाईओवर के माध्यम से जोड़ा जाए। प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसके तत्काल विस्तार को मंजूरी प्रदान की। इस विस्तार से स्वामी विवेकानंद विमानतल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने और NH-53 पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

सांसद ने रायपुर-बलौदाबाजार NH-130B परियोजना को सारंगढ़ तक विस्तारित करने की मांग भी रखी। वर्तमान में रायपुर से बलौदाबाजार तक फोरलेन परियोजना की DPR तैयार किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। बृजमोहन अग्रवाल ने क्षेत्र की बढ़ती व्यावसायिक और परिवहन आवश्यकताओं को देखते हुए बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक के शेष हिस्से को भी परियोजना में शामिल करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए NH-130B को सारंगढ़ तक फोरलेन के रूप में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र के लिए नई राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी का विषय भी रखा गया। सांसद ने बताया कि यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में सीमेंट संयंत्र और अन्य भारी उद्योग संचालित हैं। उन्होंने रायपुर-बिलासपुर NH-130 और रायपुर-बलौदाबाजार NH-130B को जोड़ने वाली नई सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा। इससे भारी वाहनों और माल परिवहन को सीधी कनेक्टिविटी मिलने तथा क्षेत्र की औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव का परीक्षण कर आगे आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखा। उन्होंने रायपुर-दुर्ग-भिलाई मार्ग पर बढ़ते औद्योगिक और व्यावसायिक यातायात को देखते हुए प्रमुख जंक्शनों पर ग्रेड सेपरेटर, फ्लाईओवर और सर्विस रोड के निर्माण की आवश्यकता पर चर्चा की। इसके साथ ही रायपुर-सिमगा-बिलासपुर मार्ग को बेहतर औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी प्रदान करने से जुड़े विषय पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में प्रस्तावित नागपुर-गोंदिया समृद्धि एक्सप्रेसवे को गोंदिया स्थित बिरसी एयरपोर्ट से डोंगरगढ़, खैरागढ़, कवर्धा और मुंगेली होते हुए बिलासपुर एवं रायपुर तक छह लेन के रूप में विस्तारित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। सांसद ने रायपुर के उरला और सिलतरा सहित प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल एक्सेस रोड, इंटरचेंज और फीडर रोड विकसित करने का सुझाव दिया।

सांसद ने रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर से औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित होने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, परिवहन समय और लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी तथा रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। इन परियोजनाओं के आगे बढ़ने से रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।