बेमेतरा में आंगन मिलन उत्सव, विधायक दीपेश साहू ने कराई गर्भवती माताओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन

बेमेतरा के वार्ड क्रमांक 17 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र-2 में सेवा संकल्प अभियान 2026 और 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया गया। विधायक दीपेश साहू ने कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती माताओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस दौरान नेवता भोज का आयोजन भी हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।

Oct 6, 2026 - 17:33
 0  3
बेमेतरा में आंगन मिलन उत्सव, विधायक दीपेश साहू ने कराई गर्भवती माताओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र-2 में ‘आंगन मिलन उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मातृशक्ति, नन्हे-मुन्ने बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के महत्व पर चर्चा की।

आंगन मिलन उत्सव के दौरान गर्भवती माताओं पुष्पा सिन्हा और देवांशी शर्मा की विधिवत गोद भराई की रस्म पूरी कराई गई। इसके साथ ही पूजा नेताम और हूमेश्वरी साहू के नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती माताओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा उनके बेहतर भविष्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में नेवता भोज का भी आयोजन किया गया। इसकी खास बात यह रही कि विधायक दीपेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में जमीन पर बैठकर बच्चों, माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया। अतिथियों का बच्चों के साथ बैठकर भोजन करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस दौरान सभी ने बच्चों के साथ आत्मीयता से भोजन किया और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि नेवता भोज केवल साथ बैठकर भोजन करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह बच्चों के साथ अपनत्व, समानता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। जब समाज के लोग बच्चों के साथ बैठकर भोजन करते हैं, तो बच्चों में आत्मविश्वास और अपनापन बढ़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों तथा गर्भवती माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

दीपेश साहू ने कहा कि स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चा ही सशक्त परिवार और विकसित समाज की नींव है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं शासन की योजनाओं एवं पोषण संबंधी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नेवता भोज जैसे आयोजन समाज और बच्चों के बीच आत्मीय संबंध को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि हर मां स्वस्थ रहे और हर बच्चा सुपोषित रहे, ताकि बेमेतरा कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ सके।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, हर्षवर्धन तिवारी, पार्षद गौरव साहू, सोनू साहू, परियोजना अधिकारी मनोरमा साहू, रजनी पाण्डेय, घनश्याम देवांगन सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, जनप्रतिनिधि, गर्भवती माताएं और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम में गोद भराई, अन्नप्राशन और नेवता भोज के माध्यम से मातृशक्ति के सम्मान, बच्चों के पोषण और कुपोषण मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।