लूट के मामले में फरार आरोपी कुकदूर पुलिस की गिरफ्त में, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद
कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना पुलिस ने लूट के मामले में फरार आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और उसके साथी पर पीड़ित को रोककर शराब की बोतल से हमला करने और उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल लूटने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल फोन शत-प्रतिशत बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कुकदूर थाना पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा लूट की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेम सागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपी की लगातार पतासाजी कर रही थी।
मामले के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को शिकारी बैगा निवासी ग्राम चिंयाडांड, थाना कुकदूर अपने मोटरसाइकिल से छोटू यादव निवासी ग्राम बरेण्डा, मध्यप्रदेश और उसके साथी छोटेलाल यादव को ग्राम कुण्डा-दामापुर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के बीच जंगल क्षेत्र में आरोपियों ने चक्कर आने और लघुशंका करने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवाई।
मोटरसाइकिल रुकने के बाद आरोपियों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शराब की बोतल से उसके सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसी दौरान 23 अगस्त 2026 को पुलिस को फरार आरोपी छोटू यादव के संबंध में विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पीड़ित से लूटी गई हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JE-5165 और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने लूट की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में शामिल अन्य आरोपी की भूमिका और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की विवेचना जारी है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक देवेन्द्र बंजारे, आरक्षक कृष्ण कुमार धुर्वे और महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने फरार आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी, लूट की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी और प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की।