आगामी त्योहारों को लेकर कबीरधाम के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित
रक्षाबंधन, ईद-मिलादुन्नबी और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने कबीरधाम पुलिस और जिला प्रशासन ने विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कीं। बैठकों में जुलूस, ध्वनि विस्तारक यंत्र, सोशल मीडिया, यातायात, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l आगामी रक्षाबंधन, ईद-मिलादुन्नबी एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस एवं जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर पुलिस एवं प्रशासन ने नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल एवं हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली कवर्धा, सहसपुर लोहारा, पिपरिया, पांडातराई, कुंण्डा, पंडारिया तथा चौकी पोड़ी एवं दशरंगपुर में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, थाना एवं चौकी प्रभारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक तथा विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठकों में अधिकारियों ने आगामी पर्वों को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाने की अपील की। धार्मिक जुलूस और आयोजनों के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा बिना अनुमति किसी प्रकार का जुलूस, रैली या सार्वजनिक आयोजन नहीं करने के निर्देश दिए गए। आयोजकों से भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा आपातकालीन मार्गों को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान देने कहा गया।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि डीजे, लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुरूप ही किया जाए। ध्वनि की तीव्रता को भी निर्धारित सीमा में रखने की अपील की गई।
बैठकों में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाए और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक नारेबाजी, पोस्टर, बैनर अथवा ऐसी गतिविधि से बचा जाए जिससे आपसी सद्भाव प्रभावित हो सकता है।
सोशल मीडिया को लेकर भी नागरिकों को सतर्क किया गया। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने अफवाह, भ्रामक सूचना, पुराने या भड़काऊ वीडियो और फोटो को बिना सत्यापन साझा अथवा प्रसारित नहीं करने की अपील की। किसी संदिग्ध पोस्ट को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता जांचने की हिदायत दी गई।
त्योहारों के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की गई।
पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हथियारों का प्रदर्शन, नशे की हालत में वाहन चलाना, हुड़दंग, सार्वजनिक स्थानों पर विवाद और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या असुविधा की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में नागरिक स्वयं कानून हाथ में न लें और पुलिस को सूचना देकर सहयोग करें।
कबीरधाम पुलिस एवं जिला प्रशासन ने कहा कि त्योहारों की खुशी तभी सार्थक है, जब समाज में शांति, भाईचारा और सुरक्षा बनी रहे। सभी समुदायों के सहयोग से जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन प्रतिबद्ध है। नागरिकों से अपील की गई कि वे अफवाहों से बचें, आपसी सद्भाव बनाए रखें और मिल-जुलकर आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।