केटीयूजेएम एलुमनी एसोसिएशन की पहली वार्षिक आम सभा संपन्न, संगठन विस्तार पर लिए गए अहम निर्णय

रायपुर में आयोजित केटीयूजेएम एलुमनी एसोसिएशन की पहली वार्षिक आम सभा में संगठन विस्तार, नए सदस्यों के पंजीकरण, कार्यक्रम कैलेंडर, वित्तीय प्रतिवेदन और विभिन्न समितियों के गठन सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में पूर्व विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने और विश्वविद्यालय के विकास में एलुमनी की भूमिका मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

Jul 1, 2026 - 14:23
Jul 1, 2026 - 14:25
 0  2
केटीयूजेएम एलुमनी एसोसिएशन की पहली वार्षिक आम सभा संपन्न, संगठन विस्तार पर लिए गए अहम निर्णय

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयूजेएम) एलुमनी एसोसिएशन (KTUJMAA) की पहली वार्षिक आम सभा रायपुर स्थित श्री नारायण गुरु मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को अधिक मजबूत बनाने, पूर्व विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने तथा विश्वविद्यालय के विकास में एलुमनी की भूमिका को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में बताया गया कि केटीयूजेएम एलुमनी एसोसिएशन का गठन 8 अक्टूबर 2025 को छत्तीसगढ़ सोसायटी पंजीयन अधिनियम के तहत किया गया था। वर्तमान में संगठन से 147 पंजीकृत सदस्य जुड़े हुए हैं। एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, उनके बीच व्यावसायिक नेटवर्क विकसित करना, शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देना तथा विश्वविद्यालय के संस्थागत विकास में सक्रिय योगदान सुनिश्चित करना है।

आम सभा के दौरान बाई-लॉ की धारा-27 के तहत संस्थापक पदाधिकारियों के कार्यकाल, वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कार्यक्रम कैलेंडर, नए सदस्यों के पंजीकरण, सदस्यता नवीनीकरण प्रक्रिया, वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय विवरण और संगठन के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न समितियों के गठन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने सभी प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त करते हुए उन्हें पारित किया।

बैठक में एलुमनी नेटवर्क को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर करियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगार और व्यावसायिक विकास के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक अध्यक्ष डॉ. के.एन. किशोर ने की। संस्थापक महासचिव डॉ. बिचित्रानंद पंडा ने एसोसिएशन के गठन से लेकर अब तक की गतिविधियों और उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं संस्थापक कोषाध्यक्ष विनोद सावंत ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण सदस्यों के समक्ष रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

आम सभा में विश्वविद्यालय के विभिन्न बैचों के पूर्व छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अनंत वर्मा, टीकेश्वर पटेल, संदीप प्रधान, देवव्रत भगत, बलवंत सिंह खन्ना, लिनिमा साहू, विक्रम साहू और तरण दास माणिकपुरी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की भावी योजनाओं पर अपने सुझाव साझा किए और एसोसिएशन को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में गुलशन वर्मा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एलुमनी एसोसिएशन पूर्व विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने के साथ-साथ शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और सामाजिक योगदान के क्षेत्र में भी सकारात्मक पहल जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि संगठन आने वाले समय में पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाकर विश्वविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा l