जैन बंधुओं ने लिया 59वें प्रशिक्षण शिविर का धर्मध्वज, 2027 में छिंदवाड़ा में होगा भव्य आयोजन

ज्ञानतीर्थ पंडित टोडरमल स्मारक ट्रस्ट जयपुर के तत्वावधान में आयोजित विशेष समारोह में छिंदवाड़ा के 25 जिनशासन सेवकों ने 59वें श्री वीतराग विज्ञान आध्यात्मिक शिक्षण-प्रशिक्षण शिविर की धर्मध्वजा ग्रहण की। मई 2027 में छिंदवाड़ा में 18 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय ज्ञानान्द महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है।

Aug 9, 2026 - 10:49
 0  5
जैन बंधुओं ने लिया 59वें प्रशिक्षण शिविर का धर्मध्वज, 2027 में छिंदवाड़ा में होगा भव्य आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l ज्ञानतीर्थ पंडित टोडरमल स्मारक ट्रस्ट जयपुर के तत्वावधान एवं बाल ब्रह्मचारी पंडित सुमत प्रकाश जैन के मार्गदर्शन में वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश की धर्मनगरी छिंदवाड़ा में 59वें श्री वीतराग विज्ञान आध्यात्मिक शिक्षण-प्रशिक्षण शिविर एवं ज्ञानान्द महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसी आयोजन की तैयारियों के क्रम में छिंदवाड़ा से दिगंबर जैन मुमुक्षु मंडल एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के 25 जिनशासन सेवक जयपुर स्थित ज्ञानतीर्थ पंडित टोडरमल स्मारक पहुंचे और विशेष समारोह में आगामी शिविर की धर्मध्वजा ग्रहण की।

धर्मध्वजा ग्रहण करने के अवसर पर जैन समाज के प्रतिनिधियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन को लेकर छिंदवाड़ा के जैन समाज में भी उत्साह का वातावरण है। वर्ष 2027 के मई माह में प्रस्तावित यह आयोजन धार्मिक, आध्यात्मिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

समारोह में छिंदवाड़ा मंडल की ओर से अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के सचिव दीपक राज जैन ने भावपूर्ण संबोधन दिया। उन्होंने भारत सहित विश्वभर के सभी साधर्मियों से आगामी वर्ष छिंदवाड़ा में आयोजित होने वाले 18 दिवसीय शिक्षण-प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जैन समाज के लिए आध्यात्मिक अध्ययन, चिंतन और प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

सभा के दौरान पंडित टोडरमल स्मारक ट्रस्ट की ओर से पंडित विपिन शास्त्री मुंबई, डॉ. शांतिकुमार पाटील जयपुर, पंडित ऋषभ शास्त्री एवं डॉ. विवेक जैन छिंदवाड़ा ने भी शिविर के संबंध में अपने विचार रखे। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में सहभागी बनने और आध्यात्मिक शिक्षण-प्रशिक्षण का लाभ लेने की अपील की।

आयोजकों के अनुसार, छिंदवाड़ा में होने वाला यह आयोजन देश-विदेश से जैन समाज के साधर्मियों को एक साथ जोड़ने का माध्यम बनेगा। धार्मिक अध्ययन के साथ-साथ आध्यात्मिक चिंतन और जैन दर्शन की समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

विशेष समारोह में सुशील कुमार गोदिका जयपुर, महिपाल शाह बांसवाड़ा, चम्पालाल भंडारी जयपुर, सुशील बजाज कोलकाता, नरेश लुहाड़िया दिल्ली, हर्षवर्धन जैन औरंगाबाद, अशोक जैन जबलपुर, शिविर अध्यक्ष संजीव सिंघई एवं महामंत्री अशोक वैभव सहित छिंदवाड़ा से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रावकगण उपस्थित रहे।

धर्मध्वजा ग्रहण करने के साथ ही छिंदवाड़ा में आगामी वर्ष होने वाले 59वें श्री वीतराग विज्ञान आध्यात्मिक शिक्षण-प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर उत्साह और सक्रियता बढ़ गई है। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने तथा देश-विदेश से आने वाले साधर्मियों के स्वागत एवं सहभागिता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।