थाना गुढ़ियारी में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ, जप्त माल प्रबंधन होगा पूरी तरह डिजिटल
रायपुर के गुढ़ियारी थाना में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल व्यवस्था के तहत जप्त माल का बारकोड आधारित पंजीयन, रैकवाइज संधारण और डिजिटल ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार आएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना में जप्त माल के सुरक्षित और पारदर्शी प्रबंधन के लिए आधुनिक "ई-मालखाना" प्रणाली का शुभारंभ किया गया। यह पहल रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी नॉर्थ ज़ोन के अंतर्गत थाना गुढ़ियारी द्वारा विकसित की गई है, जिसका उद्देश्य मालखाना प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल, व्यवस्थित और जवाबदेह बनाना है।
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों को नई व्यवस्था की विस्तृत कार्यप्रणाली का प्रदर्शन भी किया गया। डेमो में जप्त सामग्री के डिजिटल पंजीयन, बारकोड आधारित पहचान, रैकवाइज संधारण तथा रिकॉर्ड ट्रैकिंग प्रणाली की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा सहित अन्य अधिकारियों ने भी इस प्रणाली का अवलोकन किया और इसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
ई-मालखाना प्रणाली लागू करने से पहले थाना गुढ़ियारी में उपलब्ध सभी जप्त सामग्रियों का भौतिक सत्यापन कराया गया। इसके बाद मालखाने में रखी गई वस्तुओं का वैज्ञानिक तरीके से रैकवाइज वर्गीकरण किया गया। सभी वस्तुओं को A1, A2, B1, B2 जैसी श्रेणियों में व्यवस्थित रखा गया, जिससे किसी भी सामग्री की पहचान और लोकेशन आसानी से की जा सके।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जप्त सामग्री पर बारकोड लगाया गया है और उसका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है। इससे अब किसी भी जप्त वस्तु को जमा करने, निकालने या उसकी जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और पारदर्शी हो गई है।
ई-मालखाना प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके माध्यम से जप्त माल की पूरी डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी। किसी भी सामग्री की आवक-जावक, उसकी वर्तमान स्थिति और रिकॉर्ड को ऑनलाइन ट्रैक किया जा सकेगा। इससे "चेन ऑफ कस्टडी" को सुरक्षित बनाए रखने में मदद मिलेगी और न्यायिक प्रक्रिया में आवश्यक साक्ष्यों के संरक्षण को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
रायपुर पुलिस का मानना है कि तकनीक आधारित यह पहल पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ई-मालखाना प्रणाली से अभिलेख प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी और जप्त माल के रखरखाव में लगने वाला समय भी कम होगा। गुढ़ियारी थाना की यह पहल भविष्य में अन्य थानों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल साबित हो सकती है।