10वीं-12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, करियर गाइडेंस कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व पर जोर

रायपुर के तात्यापारा मोमिनपारा स्थित हैदरी इमामबाड़ा में एकता जन विकास समिति के तत्वावधान में 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 15 होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों और विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया।

Sep 22, 2026 - 09:28
 0  2
10वीं-12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, करियर गाइडेंस कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व पर जोर

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l एकता जन विकास समिति के तत्वावधान में 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन हैदरी इमामबाड़ा, तात्यापारा मोमिनपारा रायपुर में किया गया। कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ भविष्य में करियर के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मेहमान-ए-खुसूसी हुज्जतुल इस्लाम अल्हाज मौलाना असग़र मेहदी, इमामे जुमा वल जमात, हैदरी मस्जिद ट्रस्ट मोमिनपारा रायपुर और मौलाना हसन अब्बास कुम्मी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री मिर्जा एजाज बेग शामिल हुए। विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ सिख संगठन के प्रदेशाध्यक्ष दलजीत सिंह चावला और छत्तीसगढ़ समाज के अध्यक्ष अनिल दुबे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मोटिवेशन स्पीकर के रूप में छत्तीसगढ़ पुलिस यूनिट-दुर्ग में पदस्थ सब इंस्पेक्टर मो. हसनैन रजा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

कैरियर काउंसलर और मोटिवेटर देवलाल साहू ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में जानकारी दी। पुनर्वास मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर हीना फिरोज ने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत रहने, अपनी रुचि और क्षमता को पहचानने तथा करियर से जुड़े फैसले सोच-समझकर लेने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

समिति के सलाहकार डॉ. बशीर हसन सहित मंच पर मौजूद सभी वरिष्ठजनों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। अतिथियों ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें आगे भी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन एकता जन विकास समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इक़्तेदार हैदरी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों, विद्यार्थियों और समाज के वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त किया। समिति के संरक्षक हैदर अली ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के संरक्षक गौहर अली, अध्यक्ष मोहम्मद इक़्तेदार हैदरी, कोषाध्यक्ष मोहम्मद जहीर, उपाध्यक्ष शारिक हैदरी, सह सचिव मोहम्मद सरोज, हैदर अली, मोहम्मद मुकर्रम, मोहम्मद नवाजीश, शहनवाज हुसैनी, इम्तियाज हुसैन, अफजल अली और एजाज हुसैन सहित समिति के सदस्यों ने सहयोग किया।

आयोजकों ने कहा कि विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ उन्हें सही समय पर करियर संबंधी मार्गदर्शन देना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा। समिति की ओर से भविष्य में भी शिक्षा और विद्यार्थियों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में कार्य करने की बात कही गई।