धनगांव की राशन दुकान का आबंटन निरस्त, अब सारंगपुर के दुकानदार करेंगे संचालन
बलरामपुर जिले में राशन वितरण में अनियमितता और मनमानी की शिकायतों पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम ने धनगांव की शासकीय उचित मूल्य दुकान का आबंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। नई व्यवस्था होने तक धनगांव के ग्रामीणों को सारंगपुर की उचित मूल्य दुकान से राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर l राशन वितरण में गड़बड़ी और मनमानी की शिकायतों पर प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। बलरामपुर एसडीएम ने शासकीय उचित मूल्य दुकान धनगांव का आबंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। यह दुकान खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित धनगांव द्वारा संचालित की जा रही थी।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब नई व्यवस्था होने तक धनगांव के ग्रामीणों को सारंगपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीणों को खाद्यान्न वितरण में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दुकान को अस्थायी रूप से सारंगपुर की राशन दुकान से जोड़ दिया गया है।
ग्रामीणों ने की थी शिकायत
धनगांव के ग्रामीणों ने राशन दुकान के संचालक और विक्रेता के खिलाफ गंभीर शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखी थीं। ग्रामीणों का आरोप था कि उचित मूल्य दुकान निर्धारित समय पर नहीं खोली जाती थी। इसके अलावा ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी कई बार हितग्राहियों को राशन उपलब्ध नहीं कराया जाता था।
ग्रामीणों ने राशन वितरण में लगातार अनियमितता और मनमानी किए जाने के आरोप भी लगाए थे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य निरीक्षक द्वारा दुकान का निरीक्षण और भौतिक सत्यापन कराया गया।
जांच में सामने आई अनियमितता
निरीक्षण और भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान के स्टॉक में चावल, चना और नमक के हिसाब-किताब में गड़बड़ी पाई गई। प्रशासन के अनुसार यह स्थिति छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 के प्रावधानों का उल्लंघन थी।
मामले में कार्रवाई से पहले संबंधित समिति को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। प्रशासन की ओर से समिति को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। हालांकि, समिति की ओर से संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
प्रशासन के अनुसार प्रभार सौंपने की प्रक्रिया में भी समिति की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं किया गया।
एसडीएम ने किया आबंटन निरस्त
निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने और हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करते हुए एसडीएम बलरामपुर ने छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियम 2016 की कंडिका 16(1) के तहत धनगांव शासकीय उचित मूल्य दुकान का आबंटन निरस्त कर दिया।
ग्रामीणों को खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए धनगांव की दुकान को अस्थायी रूप से सारंगपुर की उचित मूल्य दुकान से जोड़ दिया गया है। अब सारंगपुर का उचित मूल्य दुकानदार धनगांव के हितग्राहियों को भी राशन वितरण करेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और पात्र हितग्राहियों को समय पर निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।