बेमेतरा जिला जेल का बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने किया निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा

बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने जिला जेल बेमेतरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा और विधिक सहायता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बंदियों से संवाद किया गया तथा कौशल विकास प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

Jul 2, 2026 - 13:49
 0  2
बेमेतरा जिला जेल का बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने किया निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार गठित "बोर्ड ऑफ विजिटर्स" ने गुरुवार को जिला जेल बेमेतरा का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पुनर्वास कार्यक्रमों की समीक्षा करना था। निरीक्षण की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष सरोज नंद दास ने की। इस दौरान कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई, पुलिस अधीक्षक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान बोर्ड ने जेल लीगल एड क्लीनिक, स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधन और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने सभी बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। बंदियों ने अधिकारियों को बताया कि जेल में सभी के साथ समान व्यवहार किया जाता है और किसी प्रकार का जातिगत भेदभाव नहीं किया जाता। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों और रजिस्टरों में भी जाति संबंधी किसी प्रकार का उल्लेख नहीं पाया गया।

बोर्ड ने बंदियों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए उपलब्ध मनोरंजन सुविधाओं का भी जायजा लिया। जेल की दो बैरकों में टेलीविजन की व्यवस्था है, जहां समाचार, योग, आध्यात्मिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम नियमित रूप से प्रसारित किए जाते हैं। इसके अलावा तबला, ढोलक, झांझ, मंजीरा जैसे वाद्ययंत्रों के साथ लूडो और कैरम जैसी खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि बंदियों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा सके।

निरीक्षण के दौरान पेयजल, स्वच्छता और भोजन व्यवस्था की विशेष समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि जेल मैनुअल के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मौसमी सब्जियों और दालों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में जानकारी दी गई कि प्रत्येक मंगलवार को चिकित्सक द्वारा बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है, जबकि फार्मासिस्ट प्रतिदिन आवश्यक दवाएं और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हैं। बोर्ड ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान बोर्ड ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, विधिक सहायता हेल्प डेस्क, मुलाकात कक्ष, बंदियों को उपलब्ध कराए गए वस्त्र, शौचालय और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए। इस अवसर पर ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित 12 दिवसीय "लघु उद्यमी फास्ट फूड स्टॉल" प्रशिक्षण पूरा करने वाले विचाराधीन बंदियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम बंदियों के पुनर्वास, आत्मनिर्भरता और समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल होने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।