बालको के नवीनीकृत जुबली पार्क का लोकार्पण, क्षेत्रीय विकास में उद्योगों की भूमिका अहम: लखन लाल देवांगन

बालकोनगर में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा नवीनीकृत जुबली पार्क का लोकार्पण वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। कार्यक्रम में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पार्क को नागरिकों के लिए समर्पित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के सामाजिक, पर्यावरणीय और सामुदायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Jun 28, 2026 - 11:05
 0  5
बालको के नवीनीकृत जुबली पार्क का लोकार्पण, क्षेत्रीय विकास में उद्योगों की भूमिका अहम: लखन लाल देवांगन

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा l भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सामाजिक और नागरिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सिविक सेंटर स्थित नवीनीकृत जुबली पार्क को आम नागरिकों के लिए समर्पित किया। पार्क का लोकार्पण छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, बालको के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पार्क का भ्रमण कर वहां विकसित आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक खेल उपकरण, सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए ओपन जिम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, योग एवं ध्यान के लिए समर्पित प्लेटफॉर्म, हरित परिसर तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने वाला वॉकिंग ट्रैक विकसित किया गया है।

लखन लाल देवांगन ने कहा कि यह पार्क केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला एक आदर्श सार्वजनिक स्थल है। उन्होंने कहा कि बालको ने क्षेत्र में सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, महिला सशक्तिकरण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उद्योगों के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बालको की विकास यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। नवीनीकृत जुबली पार्क इसी सोच का परिणाम है, जो नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बालको समुदाय के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत ने भी बालको की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी ने सड़क निर्माण, नाला निर्माण, सामुदायिक भवन और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने इस पहल को समाज और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1990 में बालको की रजत जयंती के अवसर पर स्थापित जुबली पार्क का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क आने वाले समय में स्वास्थ्य, मनोरंजन, योग, सामाजिक मेलजोल और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा बालकोनगर और आसपास के लोगों के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।