ओबीसी समाज देश की मजबूती का आधार, मोदी सरकार ने दिया संवैधानिक अधिकार: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर-चांपा में भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया। उन्होंने ओबीसी समाज को देश की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर समाज को अधिकार और सम्मान दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Aug 21, 2026 - 09:43
 0  3
ओबीसी समाज देश की मजबूती का आधार, मोदी सरकार ने दिया संवैधानिक अधिकार: अरुण साव

UNITED NEWS OF ASIA. जांजगीर-चांपा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर-चांपा के जिला पंचायत परिसर स्थित ऑडिटोरियम में भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सम्मानित प्रबुद्धजनों ने अपने कार्यों और उपलब्धियों के माध्यम से समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का बेहतर उपयोग करते हुए प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अरुण साव ने कहा कि ओबीसी समाज देश की मजबूती का आधार है। गांव-गांव में मेहनत और परिश्रम के माध्यम से यह समाज देश की अर्थव्यवस्था और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक अधिकार नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ा वर्ग समाज को सम्मान और अधिकार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज से आने वाला व्यक्ति देश के प्रधानमंत्री के पद तक पहुंचा है, जो सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

उप मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं और लोगों को गरीबी से बाहर लाने के प्रयास किए गए हैं। गरीब परिवारों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए जमीन या आभूषण बेचने की मजबूरी न हो, इसके लिए आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब और किसान के लिए आजादी के बाद सबसे अधिक काम भाजपा सरकार ने किया है।

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने देश की संस्कृति और सनातन आस्था से जुड़े स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी, अयोध्या और उज्जैन में भव्य कॉरिडोर का निर्माण हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कवर्धा के भोरमदेव मंदिर में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जबकि डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में प्रसाद योजना के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने ओबीसी समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं से विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि समाज के लोगों को एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आना चाहिए। बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप आने वाली पीढ़ी को तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। कृषि, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समाज को मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।

सम्मेलन में सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक सुशांत शुक्ला, वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन अध्यक्ष एवं ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, पूर्व सांसद कमला पाटले सहित ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।