वनांचल के 8 गांवों में पहुंचे अरुण साव, जनचौपाल में सुनी समस्याएं, 20 लाख से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा
लोरमी क्षेत्र के अचानकमार वनांचल के आठ गांवों में आयोजित जनचौपाल में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बिजली, पानी, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए तथा 20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. लोरमी l लोरमी क्षेत्र के अचानकमार वनांचल में उप मुख्यमंत्री एवं विधायक अरुण साव ने आठ ग्रामों का दौरा कर जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है
जनचौपाल के दौरान अरुण साव ने महिलाओं, किसानों, युवाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से सुझाव भी लिए और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कलेक्टर, डीएफओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शिवतराई से केवची तथा बिजराकछार से औरापानी तक सड़क निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और वर्षा समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम जकड़बांधा, सुरही, बम्हनी, कटामी, छपरवा, बिंदावल, अचानकमार तथा आसपास के वनांचल क्षेत्रों में जनचौपाल आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने 20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की।
घोषणाओं के तहत ग्राम जमुनाही में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, जकड़बांधा में मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा गणेश पंडाल शेड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। ग्राम सुरही और बिंदावल में भी सीसी रोड निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये की घोषणा की गई। इसके अलावा छपरवा और बिंदावल में हाईमास्ट लाइट लगाने तथा बिंदावल की रामायण मंडली को वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई। आठों गांवों की क्रिकेट टीमों को क्रिकेट किट भी वितरित की गई।
ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए अरुण साव ने बिजली, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। जमुनाही में हैंडपंप स्थापना, पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध कराने और सड़क मरम्मत, कटामी में सोलर बैटरी बदलने, नए हैंडपंप और स्कूल में ट्यूबवेल खुदाई, छपरवा में सोलर ट्यूबवेल तथा बिजली व्यवस्था सुधारने और बिंदावल में सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।
जनचौपाल के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। छात्राओं को खेल सामग्री, युवाओं को क्रिकेट किट तथा एक दिव्यांग युवक को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विस्थापन प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया।
अरुण साव ने कहा कि जनचौपाल का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वनांचल क्षेत्र के किसी भी गांव में बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।