बारिश के मौसम में रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में सड़क के बीच या किनारे बैठे गौवंश वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे अचानक टक्कर होने और सड़क हादसे की आशंका बढ़ जाती है। दुर्घटना की स्थिति में जहां बेजुबान पशुओं की जान को खतरा रहता है, वहीं वाहन चालक और अन्य राहगीर भी प्रभावित हो सकते हैं।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए कबीरधाम यातायात पुलिस ने रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस को गौवंश की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के तहत यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक महेश्वर सिंह एवं उप निरीक्षक अजय कांत तिवारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने समाजसेवियों और गौ-सेवकों के साथ मिलकर गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाए।
रेडियम बेल्ट की खासियत यह है कि वाहन की हेडलाइट पड़ने पर ये चमकने लगते हैं। इससे रात के अंधेरे में सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालकों को काफी दूर से दिखाई दे सकते हैं। वाहन चालक समय रहते सावधानी बरतकर वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को टालने में मदद मिलेगी।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय दुर्घटना की संभावना को पहले ही कम करना है। सड़क सुरक्षा के साथ बेजुबान पशुओं के जीवन की रक्षा को भी इस अभियान में प्राथमिकता दी गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों, पशुपालकों और गौ-सेवकों से अपील की गई है कि गौवंश को सड़क पर लावारिस न छोड़ें। यदि कोई पशु सड़क पर बैठा या विचरण करता दिखाई दे तो उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग करें।
इस अभियान में यातायात प्रभारी महेश्वर सिंह, उप निरीक्षक अजय कांत तिवारी सहित यातायात पुलिस टीम तथा समाजसेवक सूचित बोथरा और गौ-सेवक नीलू सोनी, सागर साहू, पुरन, पाली, ओंकार राजपूत, मनोज साहू, चंद्रू चेलक, समीर सौंरा, दीपक सौंरा, नीरज यादव, अमन पटेल, तरुण साहू, रवि सिन्हा, शिवा यादव एवं दिनेश यादव का योगदान रहा।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन और समाजसेवियों के सहयोग से सड़क सुरक्षा तथा गौवंश की सुरक्षा से जुड़े ऐसे जनहितकारी प्रयास आगे भी जारी रखे जाएंगे।