जन्मदिवस पर विजय शर्मा ने किया पौधारोपण, बोले- इसी सत्र से 50 सीटों के साथ शुरू होगा मेडिकल कॉलेज

जन्मदिवस के अवसर पर कवर्धा मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान में विजय शर्मा ने पौधारोपण किया। उन्होंने घोषणा की कि इसी शैक्षणिक सत्र से 50 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज की शुरुआत होगी और इसे जिले के भविष्य की धरोहर बताया।

Jul 19, 2026 - 16:13
 0  13
जन्मदिवस पर विजय शर्मा ने किया पौधारोपण, बोले- इसी सत्र से 50 सीटों के साथ शुरू होगा मेडिकल कॉलेज

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जन्मदिवस के अवसर पर विजय शर्मा ने मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों सहित हजारों लोगों ने अभियान में भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले की आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अमूल्य धरोहर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है और परिसर को हराभरा बनाने के लिए चारों दिशाओं में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने घोषणा की कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज का संचालन 50 सीटों के साथ शुरू किया जाएगा। इससे जिले के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाएं भी अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का भवन वर्ष 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

विजय शर्मा ने कहा कि समयबद्ध योजना और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार निर्धारित समय-सीमा में नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कार्य हुए, उसी प्रकार मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तय समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने जिले में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही हरीतिमा टीम की सराहना करते हुए कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को जोड़ने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी प्रेरणादायक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली बचाना सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने युवाओं की सकारात्मक भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने नेऊर गांव के युवाओं द्वारा ग्राम के सौंदर्यीकरण और महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने ऑटो संघ, बस एवं ट्रक मालिक संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के योगदान की भी प्रशंसा की।

उन्होंने बताया कि कवर्धा में सियान सदन का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है और दोनों क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

वृक्षारोपण महाअभियान में व्यापारी संघ, अधिवक्ता संघ, बोल बम समिति, स्वामी विवेकानंद एकेडमी, निजी स्कूल संघ, प्रभात फेरी समूह, कार पेंटर संघ, राजमिस्त्री संघ, होटल व्यापारी संघ, नवजीवन रक्तदान समिति, लायंस क्लब, यूथ क्लब, स्वच्छता दीदियां, सब्जी विक्रेता संघ, ठेकेदार संघ तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, राम कुमार भट्ट, वीरेन्द्र साहू, नितेश अग्रवाल, सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, विदेशी राम धुर्वे, लोकचंद साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।