अमेरिकी वीजा अपॉइंटमेंट पर अस्थायी रोक, ट्रंप प्रशासन ने इमिग्रेशन सख्ती के बीच लिया बड़ा फैसला

अमेरिकी विदेश विभाग ने दुनिया भर के अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वीजा सेवाओं के अपॉइंटमेंट में अस्थायी बदलाव किया है। यह कदम वैश्विक ट्रेनिंग पहल के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य कॉन्सुलर अधिकारियों को वीजा आवेदकों का समान तरीके से मूल्यांकन करने में मदद करना है। ट्रंप प्रशासन पहले से ही इमिग्रेशन और वीजा नीतियों को लेकर सख्ती बरत रहा है।

Aug 26, 2026 - 12:20
 0  2
अमेरिकी वीजा अपॉइंटमेंट पर अस्थायी रोक, ट्रंप प्रशासन ने इमिग्रेशन सख्ती के बीच लिया बड़ा फैसला

UNITED NEWS OF ASIA. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने इमिग्रेशन को लेकर अपनी सख्त नीति के बीच वीजा प्रक्रिया में एक और बड़ा बदलाव किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने दुनिया भर में अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वीजा सेवाओं के अपॉइंटमेंट को लेकर अस्थायी बदलाव की घोषणा की है। इस फैसले के कारण कुछ आवेदकों की पहले से तय अपॉइंटमेंट प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, जिन आवेदकों की अपॉइंटमेंट बदली गई है, उन्हें बाद में नई तारीख उपलब्ध कराई जाएगी।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, दुनिया भर में एक ग्लोबल ट्रेनिंग पहल शुरू की गई है। इस ट्रेनिंग के दौरान वीजा सेवाओं के अपॉइंटमेंट में बदलाव किया जाएगा। विभाग ने ट्रेनिंग की विस्तृत समय-सीमा या इसके चलते कितने अपॉइंटमेंट प्रभावित होंगे, इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य कॉन्सुलर अधिकारियों को वीजा आवेदकों का मूल्यांकन करने की प्रक्रिया में मदद करना है।

इस ट्रेनिंग के तहत अधिकारियों को ऐसे आवेदकों की पहचान करने में सक्षम बनाने पर जोर दिया जा रहा है, जिनके भविष्य में अमेरिकी सरकारी सुविधाओं पर निर्भर होने की संभावना हो सकती है। साथ ही यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि अलग-अलग अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वीजा आवेदकों का मूल्यांकन एक समान प्रक्रिया के तहत किया जाए।

वीजा अपॉइंटमेंट में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब ट्रंप प्रशासन अमेरिका की इमिग्रेशन नीति को लगातार सख्त कर रहा है। प्रशासन की ओर से अवैध इमिग्रेशन पर कार्रवाई के साथ-साथ वीजा और ग्रीन कार्ड से जुड़े मामलों की भी कड़ी समीक्षा की जा रही है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इन नीतियों का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना और यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिका में प्रवेश करने वाले लोगों की उचित जांच हो।

ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन नीतियों को लेकर अमेरिका में कानूनी चुनौतियां भी सामने आई हैं। हाल के दिनों में अदालतों में प्रशासन की कुछ नीतियों पर सवाल उठाए गए हैं। एक अमेरिकी जज ने 75 देशों के आवेदकों के इमिग्रेंट वीजा जारी करने पर रोक लगाने वाली नीति को रद्द करते हुए इसे विदेश मंत्री मार्को रुबियो के कानूनी अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया था।

ऐसे में नई वीजा प्रक्रिया और कॉन्सुलर अधिकारियों के लिए शुरू की गई ट्रेनिंग को ट्रंप प्रशासन की व्यापक इमिग्रेशन नीति के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल अमेरिकी विदेश विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अपॉइंटमेंट में हुए बदलाव कितने समय तक जारी रहेंगे। जिन आवेदकों की निर्धारित तारीख प्रभावित होगी, उन्हें नई अपॉइंटमेंट तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी। इससे अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन करने वाले लोगों को अपनी यात्रा और अन्य योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है।