परिवहन सेवाओं का हो रहा आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं से लोगों के काम होंगे आसान: केदार कश्यप

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के परसाभदेर में 1.74 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि परिवहन सेवाओं को डिजिटल बनाने से लोगों को घर बैठे कई आवश्यक कार्य पूरे करने की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर सोनबरसा जंगल सफारी के लिए चार नई जिप्सी और सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।

Oct 6, 2026 - 12:11
 0  2
परिवहन सेवाओं का हो रहा आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं से लोगों के काम होंगे आसान: केदार कश्यप

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में परिवहन सेवाओं के आधुनिकीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की ग्राम पंचायत परसाभदेर में 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने नए भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन कार्यालयों को आधुनिक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवहन सेवाओं को डिजिटल प्रणाली से जोड़ने का उद्देश्य आम लोगों के काम को आसान बनाना है, ताकि भविष्य में उन्हें कई जरूरी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और घर बैठे सेवाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए चार नई जिप्सियों की सौगात दी। इसके साथ ही जंगल सफारी परिसर के सौंदर्यीकरण और विभिन्न विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इससे क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलने की उम्मीद है।

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पांच प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पैक्स की भूमिका केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इनके माध्यम से आम नागरिकों को अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

परिवहन मंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दें और नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए सजग रहें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन और जागरूकता दोनों जरूरी हैं।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि जिले में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए सर्वसुविधायुक्त जिला परिवहन कार्यालय भवन का निर्माण पूरा हुआ है। आधुनिक कार्यालय और डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से वाहन मालिकों सहित आम नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार और नागरिक सुविधा से जुड़े कार्य भी किए गए। वाहन चालकों को लाइसेंस और सुरक्षित यातायात के लिए हेलमेट वितरित किए गए। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास प्रदान किए गए। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।