छत्तीसगढ़ के तीरंदाज तोमन कुमार ने बैंकॉक पैरा आर्चरी सीरीज 2026 में जीते 3 गोल्ड मेडल
बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 में छत्तीसगढ़ के तीरंदाज तोमन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश और देश का नाम रोशन हुआ है।
UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर ।छत्तीसगढ़ के उभरते हुए तीरंदाज तोमन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 में उन्होंने तीन स्वर्ण पदक जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ सहित देशभर में खुशी की लहर है।
यह प्रतियोगिता 31 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक बैंकॉक में आयोजित की गई थी, जिसमें दुनिया भर के पैरा एथलीट्स ने हिस्सा लिया। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में तोमन कुमार ने अपने सटीक निशाने और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए तीन अलग-अलग श्रेणियों में गोल्ड मेडल हासिल किए।
छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के सचिव आयुष मुरारका ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि तोमन कुमार ने पहला स्वर्ण पदक मिक्स्ड टीम इवेंट में जीता। इसके बाद उन्होंने टीम इवेंट में दूसरा गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं तीसरा और सबसे अहम स्वर्ण पदक उन्होंने व्यक्तिगत (इंडिविजुअल) स्पर्धा में जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
बताया गया है कि तोमन कुमार वर्तमान में CRPF में कार्यरत हैं और अपनी नौकरी के साथ-साथ खेल में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि को खेल जगत में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
आयुष मुरारका ने यह भी जानकारी दी कि अभी एक और वर्ल्ड टूर्नामेंट होना बाकी है। यदि तोमन कुमार उसमें शीर्ष 4 खिलाड़ियों में स्थान बना लेते हैं, तो भविष्य में उनका ओलंपिक में खेलना लगभग तय हो जाएगा। यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात होगी कि राज्य का एक खिलाड़ी ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करे।
इस ऐतिहासिक सफलता पर छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और विभिन्न संगठनों ने तोमन कुमार को बधाई दी है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष ने भी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
तोमन कुमार की यह उपलब्धि न केवल युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आने वाले समय में उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, जिससे वे देश को और अधिक गौरवान्वित कर सकें।