सुतियापाट जलाशय परियोजना का भूमिपूजन: 39.38 करोड़ की योजना से 17 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
पंडरिया विधानसभा में विधायक भावना बोहरा ने 39.38 करोड़ रुपये की सुतियापाट जलाशय परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना से 17 गांवों के हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और लगभग 2916 हेक्टेयर कृषि भूमि को लाभ पहुंचेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में किसानों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में सुतियापाट जलाशय परियोजना का भूमिपूजन किया गया। लगभग 39 करोड़ 38 लाख 86 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस मध्यम सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन विधायक भावना बोहरा द्वारा किया गया। इस परियोजना से क्षेत्र के 17 गांवों के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी होती नजर आ रही है।
इस परियोजना के तहत बायीं तट मुख्य नहर का विस्तारीकरण और माइनर नहरों का निर्माण किया जाएगा, जिससे करीब 2916 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। जिन गांवों को इसका लाभ मिलेगा उनमें बाजगुड़ा, खैरबना, दैहानडीह, पटपर, डोंगरिया, जमुनिया, रणजीतपुर, रणवीरपुर, सिंगारपुर, नवघटा, बीरेंद्रनगर, सुकतरा, रेंगाटोला, सिंघनगढ़, डुमरिया, दलसाटोला और नवापारा सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे। उन्होंने इस परियोजना के लिए विधायक और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस नहर और जलाशय परियोजना के लिए वर्षों से संघर्ष किया गया है। उन्होंने बताया कि 2020 से पहले इस मांग को लेकर किसानों के साथ आंदोलन भी किया गया, जिसमें ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और पैदल यात्राएं शामिल थीं।
विधायक ने कहा कि आज उसी संघर्ष का परिणाम है कि सुतियापाट समेत कई क्षेत्रों में 300 करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई योजनाओं को स्वीकृति मिली है और अब इन पर कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों की आय में वृद्धि होगी। जल संकट की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी और क्षेत्र में बारहमासी जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
विधायक ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में जल संसाधनों को मजबूत करने के लिए कई अन्य परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं। इनमें नहरों का रिमॉडलिंग कार्य, विभिन्न जलाशयों का निर्माण, एनीकट निर्माण और उद्वहन सिंचाई योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 78 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से समूह जलप्रदाय योजना के तहत 54 गांवों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद पंडरिया क्षेत्र कृषि के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। किसानों को पर्याप्त पानी मिलने से उत्पादन बढ़ेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। यह परियोजना क्षेत्र के विकास और किसानों की समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।