वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी ने रायपुर में अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर और शोरूम का किया शुभारंभ

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी ने रायपुर के चौहान रिजॉर्ट में अशोक लीलैंड के नए सर्विस सेंटर और शोरूम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। ग्राहक सेवा, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा हाइड्रोजन एवं इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से प्रदूषण कम करने पर विशेष जोर दिया गया।

Jul 21, 2026 - 11:42
 0  2
वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी ने रायपुर में अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर और शोरूम का किया शुभारंभ

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी के एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राजधानी रायपुर स्थित चौहान रिजॉर्ट में अशोक लीलैंड के नए सर्विस सेंटर और शोरूम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्राहक सेवा, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक परिवहन तकनीकों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश भैयाजी जोशी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की। उद्घाटन के साथ ही सर्विस सेंटर का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जहां अतिथियों ने परिसर का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राहक सेवाओं को बेहतर बनाने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उद्योगों की सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में परिसर में वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर चौहान ग्रुप के अध्यक्ष अजय चौहान ने कहा कि नया सर्विस सेंटर ग्राहकों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नियमित वृक्षारोपण और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम में अशोक लीलैंड के छत्तीसगढ़ एवं विदर्भ क्षेत्र के प्रमुख ने कंपनी की भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदूषण कम करने के लिए हाइड्रोजन आधारित वाहनों और इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-व्हीकल) को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन भविष्य की आवश्यकता है और इस दिशा में कंपनी लगातार नई तकनीकों पर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर उद्योग, पर्यावरण और रोजगार के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर भी विचार व्यक्त किए गए। वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना समय की मांग है और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ मध्य क्षेत्र के संघचालक पूर्णेंदु सक्सेना, सूरज चौहान, परमा भाई, कैलाश मुरारका, सच्चिदानंद उपासने, अशोक लीलैंड के पदाधिकारी, चौहान परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नए सर्विस सेंटर के शुभारंभ के साथ राजधानी रायपुर में अशोक लीलैंड की सेवा सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इससे ग्राहकों को बेहतर तकनीकी सहायता, समयबद्ध सर्विस और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता का लाभ मिलेगा। साथ ही यह केंद्र क्षेत्र में रोजगार सृजन और पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।