सक्षम योजना से मिला एक लाख रुपये का ऋण, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से महिला उद्यमी को मिली नई उड़ान

कांकेर में लक्ष्मी मिलेट कैफे संचालिका सरस्वती साहू को सक्षम योजना के तहत एक लाख रुपये का ऋण मिला है। व्यवसाय विस्तार के लिए की गई मांग पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से यह सहायता स्वीकृत हुई, जिससे महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को नई मजबूती मिलेगी।

Jul 21, 2026 - 11:45
 0  4
सक्षम योजना से मिला एक लाख रुपये का ऋण, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से महिला उद्यमी को मिली नई उड़ान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और जरूरतमंद महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। कांकेर जिले की लक्ष्मी मिलेट कैफे संचालिका सरस्वती साहू को महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम योजना के तहत एक लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है। इस आर्थिक सहायता से सरस्वती साहू अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकेंगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

कांकेर जिले के प्रवास के दौरान सरस्वती साहू ने अपने मिलेट कैफे के विस्तार के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता बताई थी। इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने तत्काल सहायता का भरोसा दिया था। अब विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद सक्षम योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर दिया गया है।

महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर सहायता राशि स्वीकृत कराई। इसके बाद कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने सरस्वती साहू को ऋण स्वीकृति का चेक प्रदान किया।

लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका लाभ समय पर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सक्षम योजना के माध्यम से अनेक महिलाएं अपने छोटे व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

उन्होंने कहा कि जब किसी महिला का व्यवसाय आगे बढ़ता है तो उसका लाभ केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार और प्रेरणा के नए अवसर तैयार होते हैं। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सरस्वती साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किया गया वादा पूरा होने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि इस आर्थिक सहयोग से वह अपने लक्ष्मी मिलेट कैफे का विस्तार करेंगी, उत्पादन क्षमता बढ़ाएंगी और भविष्य में अधिक महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी।

सक्षम योजना के तहत मिली यह सहायता महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल एक महिला उद्यमी को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है, बल्कि अन्य महिलाओं को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी प्रभावी योगदान दे सकें।