सूडा के नए सीईओ बने सुमीत अग्रवाल, कार्यभार संभालते ही विभागीय योजनाओं की समीक्षा
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2021 बैच के अधिकारी सुमीत अग्रवाल ने राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की तथा शहरी विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपूर l राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) को नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2021 बैच के अधिकारी सुमीत अग्रवाल ने सोमवार को नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में सूडा के नए सीईओ के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सुमीत अग्रवाल इससे पहले दुर्ग नगर निगम के आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। नगरीय प्रशासन के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें राज्य शहरी विकास अभिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।
बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों का समग्र विकास और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और सभी योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
सुमीत अग्रवाल ने कहा कि नगरीय निकायों को अधिक सशक्त, आधुनिक और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर उनके बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लंबित कार्यों और भविष्य की प्राथमिकताओं की जानकारी भी ली। बैठक के दौरान नगरीय विकास से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स, आधारभूत संरचना, स्वच्छता, शहरी आजीविका, आवास और अन्य योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान सूडा के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुष्यंत कुमार रायस्त, नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, उप संचालक अर्पिता पाठक, अधीक्षण अभियंता रमेश सिंह, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि, सचित कुमार साहू सहित विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नए सीईओ का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में विभागीय योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।
सूडा राज्य के शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रमुख भूमिका निभाता है। ऐसे में नए सीईओ के रूप में सुमीत अग्रवाल की नियुक्ति को विभाग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में शहरी विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और प्रदेश के नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सुशासन और पारदर्शिता को भी मजबूती मिलेगी।