स्टेशन मरोदा में गोंडवाना समाज का भव्य पारिवारिक मिलन समारोह संपन्न, विधायक ललित चंद्राकर ने समाज की एकजुटता पर दिया ज़ोर
भिलाई के स्टेशन मरोदा में गोंडवाना समाज द्वारा भव्य पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा और संस्कारों को मजबूत करने पर बल दिया। पद्मश्री डॉ. आर.एस. बारले सहित कई जनप्रतिनिधियों और समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू,बालोद | भिलाई के स्टेशन मरोदा क्षेत्र में गोंडवाना समाज द्वारा भव्य पारिवारिक मिलन समारोह का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था और उत्साह का परिचय दिया। समारोह का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक माननीय ललित चंद्राकर जी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने गोंडवाना समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसकी एकता, शिक्षा और संस्कारों में निहित होती है। उन्होंने समाज के युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और अपनी संस्कृति एवं मूल्यों को सहेज कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विधायक चंद्राकर ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की दिशा में मजबूत कदम उठा सकता है।
समारोह की शोभा पद्मश्री सम्मानित डॉ. आर. एस. बारले जी की विशेष उपस्थिति से और बढ़ गई। उन्होंने गोंडवाना समाज द्वारा आयोजित इस पारिवारिक मिलन समारोह को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने समाज को अपनी परंपराओं और पूर्वजों के आदर्शों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय मंत्री राजू लाल नेताम, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं भिलाई पार्षद तुलसी राम ध्रु, पार्षद विनय नेताम, आर. तुमरेकी, मोहन नेटी, प्रहलाद सिंह ठाकुर, आशाराम मंडावी, मुकेश तारम, कोमल नेटी, लोकनाथ मंडावी, देव कुमार ठाकुर, सपन दुबे, भूषण ठाकुर, राम बहादुर नेताम, भंवर सिंह मंडावी, सुमित्रा मंडावी, सुभद्रा तारम, कमलेश्वरी नेताम और कुंती बाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान समाज के लोगों ने आपसी परिचय, विचार-विमर्श और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से अपने संबंधों को और प्रगाढ़ किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गोंडवाना समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। यह आयोजन समाज में एकता और समरसता का सशक्त संदेश देने वाला साबित हुआ।