24 जून को होगी विशेष ग्राम सभा, विकसित भारत जी राम जी और आवास प्लस 2.0 पर होगी चर्चा

कबीरधाम जिले की 471 ग्राम पंचायतों और आश्रित ग्रामों में 24 जून को विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। ग्राम सभा में विकसित भारत जी राम जी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची पर चर्चा कर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

Jun 22, 2026 - 14:44
 0  2
24 जून को होगी विशेष ग्राम सभा, विकसित भारत जी राम जी और आवास प्लस 2.0 पर होगी चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों और उनके आश्रित ग्रामों में 24 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस ग्राम सभा में राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं विकसित भारत जी राम जी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और चयन प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ग्राम सभाओं का आयोजन पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम सभा का उद्देश्य ग्रामीणों को नई योजनाओं से अवगत कराना तथा हितग्राहियों के चयन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

ग्राम सभा में 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका ग्रामीण योजना, जिसे विकसित भारत जी राम जी के नाम से जाना जाएगा, की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों को बताया जाएगा कि योजना के तहत उन्हें 125 दिनों तक रोजगार का अवसर मिलेगा। साथ ही सात दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान, काम की मांग पर रोजगार उपलब्ध कराने, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन जैसे प्रावधानों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

इस नई योजना में महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष अवसरों का प्रावधान किया गया है। ग्राम सभा में ग्रामीणों को यह भी बताया जाएगा कि योजना के माध्यम से जल सुरक्षा, जल संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा पारदर्शिता, जवाबदेही, मजदूरी दर और बेरोजगारी भत्ते से जुड़े महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी भी दी जाएगी।

उपसंचालक पंचायत राज तिवारी ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची का वाचन भी किया जाएगा। जिले में कुल 1 लाख 30 हजार 56 सर्वेक्षित हितग्राहियों के नाम इस सूची में शामिल किए गए हैं। इनमें जनपद पंचायत बोड़ला के 27,970, कवर्धा के 30,616, पंडरिया के 45,073 तथा सहसपुर लोहारा के 26,397 हितग्राही परिवार शामिल हैं।

विशेष ग्राम सभा में सूचीबद्ध सभी नामों का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा, ताकि ग्रामीण अपनी पात्रता का परीक्षण करा सकें। यदि किसी व्यक्ति को सूची के संबंध में आपत्ति होगी तो उसकी जांच कर उचित निराकरण किया जाएगा। इसके बाद पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। अंतिम सूची को अनुमोदन के बाद आवास प्लस 2.0 पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिससे पात्र परिवारों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

ग्राम सभा में जल संवर्धन, ग्राम संपदा ऐप, स्वच्छता अभियान, टीवी मुक्त भारत अभियान और बाल विवाह उन्मूलन जैसे सामाजिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और विकास कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।