सिंदूर पार्क के संरक्षण और विकास को लेकर समिति की पहली बैठक संपन्न, नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर बनी कार्ययोजना
रायगढ़ के सिंदूर पार्क ऑक्सीज़ोन के संरक्षण, रखरखाव और बेहतर संचालन के लिए गठित सिंदूर पार्क ऑक्सीजन संरक्षण नागरिक कल्याण समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पार्क को शहर का आदर्श ऑक्सीज़ोन बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़। शहर के प्रमुख ऑक्सीज़ोन सिंदूर पार्क के संरक्षण, रखरखाव और बेहतर संचालन को लेकर गठित सिंदूर पार्क ऑक्सीजन संरक्षण नागरिक कल्याण समिति की पहली बैठक महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्क की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए इसके समग्र विकास, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा भविष्य की कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षद, समिति के सदस्य, नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी सहित विभिन्न नागरिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी सदस्यों ने पार्क के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा इसे शहर का आदर्श सार्वजनिक स्थल बनाने पर जोर दिया
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा सिंदूर पार्क ऑक्सीज़ोन का लोकार्पण किया गया था। लोकार्पण के बाद से यह पार्क शहरवासियों के लिए सुबह और शाम सैर, योग, व्यायाम तथा मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बन गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ और प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं। बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इसके संरक्षण और व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए समिति का गठन किया गया है।
बैठक के दौरान पार्क में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने पार्क में आने वाले नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। विशेष रूप से पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, नियमित निगरानी व्यवस्था और पार्क के रखरखाव से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।
इसके अलावा पार्क परिसर में अनुशासन बनाए रखने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने तथा बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण तैयार करने पर भी सुझाव दिए गए। समिति ने पार्क को पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जोड़ते हुए इसे एक आदर्श ऑक्सीज़ोन के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में बताया गया कि सिंदूर पार्क ऑक्सीजन संरक्षण नागरिक कल्याण समिति में कुल 23 सदस्य शामिल हैं। समिति का मुख्य उद्देश्य पार्क के संरक्षण, रखरखाव, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े विषयों पर सुझाव देना तथा इसके विकास में सक्रिय भूमिका निभाना है। समिति समय-समय पर बैठकें आयोजित कर पार्क की व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी और आवश्यक सुझाव नगर निगम एवं संबंधित विभागों को उपलब्ध कराएगी।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्तमंत्री ओपी चौधरी की मंशा के अनुरूप सिंदूर पार्क को शहर का आदर्श ऑक्सीज़ोन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मनोरंजन स्थल नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है। नगर निगम, समिति के सदस्य और नागरिकों के सहयोग से पार्क के विकास और संरक्षण के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि समिति द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा, ताकि आने वाले समय में सिंदूर पार्क रायगढ़ की पहचान के रूप में और अधिक विकसित एवं आकर्षक बन सके।