गांधी उद्यान परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने पौधे लगाए। इस दौरान मौलश्री, स्वर्ण चंपा, अमलताश और नीम सहित विभिन्न छायादार प्रजातियों के पौधों का सुव्यवस्थित तरीके से रोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के अध्यक्ष भोलाराम साहू, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, संजना हियाल, जोन 1 अध्यक्ष गज्जू साहू, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, पार्षद रवि सोनकर और राजेश कुमार देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, विनोद पाण्डेय, उपायुक्त उद्यानिकी जागृति साहू, जोन 4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, उपअभियंता रुचिका मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों ने भी पौधरोपण अभियान में सहभागिता की।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि पौधरोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधे को सुरक्षित रखते हुए उसका संरक्षण करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सुरक्षित स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और प्रत्येक पौधे की देखभाल तब तक करें, जब तक वह मजबूत वृक्ष का रूप न ले ले। उन्होंने पौधों की देखभाल अपनी संतान की तरह करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
महापौर ने अनंत चतुर्दशी पर्व और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 125वीं जयंती के अवसर पर नगरवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और हरित राजधानी के निर्माण में नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।
सेवा संकल्प अभियान 2026 का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान के तहत पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रयासों को बढ़ावा दिया जा रहा है। निगम द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में रायपुर शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार हो सके और नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण मिल सके।