सीनियर एलीट इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट: रायपुर और रायपुर ब्लू फाइनल में, 29 मार्च से भिड़ंत
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर एलीट इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में रायपुर और रायपुर ब्लू की टीमों ने फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों टीमें अब खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर एलीट ग्रुप इंटर डिस्ट्रिक्ट मल्टी डे टूर्नामेंट 2025-26 में रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद अब रायपुर और रायपुर ब्लू की टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर खिताबी जंग में जगह बनाई है।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला रायपुर और प्लेट कंबाइंड के बीच कांकेर में खेला गया। इस मुकाबले में रायपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। प्लेट कंबाइंड की टीम पहली पारी में 127 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अमित कुमार यादव और शशांक तिवारी ने 28-28 रन बनाए, जबकि अनस खान ने 25 रन का योगदान दिया।
रायपुर की ओर से गेंदबाजी में ऋषि शर्मा ने 3 विकेट झटके, जबकि गगनदीप सिंह और वरुण सिंह ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में रायपुर ने पहली पारी में 168 रन बनाए, जिसमें ऋषि शर्मा ने शानदार 60 रन, आलोक साहू ने 41 और गगनदीप सिंह ने 34 रन बनाए।
दूसरी पारी में प्लेट कंबाइंड ने 183 रन बनाए, जिसमें श्रेयम सुंदरम ने 76 रन की अहम पारी खेली। रायपुर को जीत के लिए 143 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। इस तरह रायपुर ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रायपुर ब्लू और भिलाई के बीच रायपुर के आरडीसीए ग्राउंड में खेला गया। इस मुकाबले में रायपुर ब्लू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 496 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आशीष कुमार दहिरिया ने शानदार 142 रन की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा ऋषभ तिवारी ने 96, प्रतीक यादव ने 69 और फैज खान ने 62 रन बनाए।
भिलाई की टीम पहली पारी में 269 रन ही बना सकी। हर्ष शर्मा ने 47 और आनंद राव ने 45 रन का योगदान दिया। रायपुर ब्लू की ओर से सुमित रूइकर ने 4 विकेट और उत्कर्ष तिवारी ने 3 विकेट लिए।
दूसरी पारी में रायपुर ब्लू ने 152 रन बनाए और पहली पारी की बढ़त के आधार पर मैच ड्रॉ होने के बावजूद फाइनल में जगह बना ली। भिलाई की ओर से दिवाकर ताम्रकार और अमन मिश्रा ने क्रमशः 4 और 3 विकेट लिए।
अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक भिलाई के बीएसपी मैदान में खेला जाएगा, जहां रायपुर और रायपुर ब्लू की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला खास होने वाला है, क्योंकि दोनों ही टीमें बेहतरीन फॉर्म में हैं और खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अब देखना यह होगा कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब किस टीम के नाम होता है।