सांकरा जोंक नदी में लापता बाइक चालक भगीरथी साहू की तलाश तीसरे दिन भी जारी, SDRF और DDRF टीमों ने तेज किया रेस्क्यू

महासमुंद जिले के सांकरा जोंक नदी में पुराने पुल पर कार-बाइक भिड़ंत के बाद नदी में लापता हुए बाइक चालक भगीरथी साहू की तलाश तीसरे दिन भी जारी है। SDRF की टीम बोट के माध्यम से सर्च ऑपरेशन चला रही है, वहीं विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निर्देश पर DDRF टीम ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है।

Sep 1, 2026 - 19:25
 0  33
सांकरा जोंक नदी में लापता बाइक चालक भगीरथी साहू की तलाश तीसरे दिन भी जारी, SDRF और DDRF टीमों ने तेज किया रेस्क्यू

UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l जिले के पिथौरा क्षेत्र के सांकरा स्थित जोंक नदी में लापता हुए बाइक चालक भगीरथी साहू की तलाश तीसरे दिन भी जारी है। पुराने पुल पर कार और बाइक के बीच हुई भिड़ंत के बाद दोनों वाहन नदी में जा गिरे थे। हादसे के बाद से भगीरथी साहू का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिसके बाद लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा था। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। SDRF की टीम बोट के जरिए नदी में लगातार सर्चिंग कर रही है और संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। नदी के आसपास के इलाकों में भी निगरानी रखी जा रही है।

बताया गया कि हादसे के दौरान कार और बाइक दोनों नदी में जा गिरे थे। दुर्घटना के बाद छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि कार सवार राजकुमार निषाद की डूबने से मौत हो गई थी। वहीं बाइक चालक भगीरथी साहू नदी के तेज बहाव में लापता हो गए थे। हादसे के बाद से ही उनकी तलाश जारी है।

रेस्क्यू अभियान को और तेज करने के लिए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निर्देश पर DDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। SDRF और DDRF की टीमें आपसी समन्वय के साथ नदी में तलाश अभियान चला रही हैं। गोताखोरों और बचाव दल द्वारा नदी के अलग-अलग हिस्सों में संभावित स्थानों पर सर्चिंग की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस पुराने पुल पर हादसा हुआ, वह लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। पुल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण यहां से आवागमन करने वाले लोगों को खतरा बना रहता है। इसके बावजूद आसपास के ग्रामीण और वाहन चालक इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।

हादसे के बाद लापता भगीरथी साहू के परिवार में चिंता और सदमे का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन और बचाव दल द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नदी में पानी का बहाव कम होने और परिस्थितियां अनुकूल होने पर सर्च ऑपरेशन को और व्यापक स्तर पर चलाने की तैयारी है।

फिलहाल तीसरे दिन भी SDRF और DDRF की टीमें जोंक नदी में लापता बाइक चालक की तलाश में जुटी हुई हैं। प्रशासन की निगरानी में चल रहे इस रेस्क्यू अभियान के जरिए भगीरथी साहू का जल्द पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।