सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया “सांसद खेल महोत्सव” का शुभारंभ, 13 खेलों में हजारों युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
भाटापारा के तरेंगा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया, जिसमें 13 खेलों में हजारों युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांसद ने कहा कि अब “खेलोगे-कूदोगे बनोगे ब्रांड एंबेसडर” का युग है और ग्रामीण प्रतिभाएं छत्तीसगढ़ की पहचान बनेंगी। कार्यक्रम में उन्होंने 1.64 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास समेत करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर/भाटापारा। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने भाटापारा के तरेंगा स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित भव्य समारोह में “सांसद खेल महोत्सव 2025” का शुभारंभ किया। उद्घाटन अवसर पर हजारों युवाओं ने 13 खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि अब समय बदल गया है – “खेलोगे-कूदोगे बनोगे ब्रांड एंबेसडर”। खेलों के माध्यम से देश को ऊर्जावान और फिट युवाओं की सेना मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलने वाली प्रतिभाएं छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगी।
पहले दिन लगभग 25 ग्राम पंचायतों और संस्थाओं के 900 खिलाड़ियों ने 10 खेलों में भाग लिया। कबड्डी और रस्सी कूद प्रतियोगिता में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। विजेता टीमें नवंबर में रायपुर में आयोजित होने वाले फाइनल में भाग लेंगी।
गेड़ी दौड़, शतरंज, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्सा-कस्सी, कुश्ती, तैराकी, भारोत्तोलन सहित कुल 13 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सांसद अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
करोड़ों की विकास सौगात
खेल महोत्सव के अवसर पर सांसद अग्रवाल ने तरेंगा में ₹1.64 करोड़ की लागत से बनने वाले 3.15 एमवीए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। यह उपकेंद्र बिजली आपूर्ति को सुगम और स्थिर बनाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने धान खरीदी केंद्र में शेड निर्माण के लिए ₹20 लाख, सीसी रोड निर्माण के लिए ₹10 लाख और प्राथमिक शाला में पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए ₹5 लाख की घोषणा की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 7 से 11 अक्टूबर तक भाटापारा, सिमगा और बलौदाबाजार में किया जा रहा है, जिसमें हजारों खिलाड़ी अपनी ताकत, अनुशासन और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।